फोटो गैलरी

Hindi Newsराजबब्बर के लिए फिरोजाबाद में कांग्रेस की किलाबंदी शुरू

राजबब्बर के लिए फिरोजाबाद में कांग्रेस की किलाबंदी शुरू

फिरोजाबाद संसदीय उपचुनाव जीतने के लिए कांग्रेस ने अभी से घेराबंदी शुरू कर दी है। राजबब्बर को फिरोजाबाद से सांसद बनाने के लिए कांग्रेस ने सांसदों व विधायकों की एक टीम चुनाव तैयारियों के लिए गठित की...

राजबब्बर के लिए फिरोजाबाद में कांग्रेस की किलाबंदी शुरू
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 23 Aug 2009 10:23 PM
ऐप पर पढ़ें

फिरोजाबाद संसदीय उपचुनाव जीतने के लिए कांग्रेस ने अभी से घेराबंदी शुरू कर दी है। राजबब्बर को फिरोजाबाद से सांसद बनाने के लिए कांग्रेस ने सांसदों व विधायकों की एक टीम चुनाव तैयारियों के लिए गठित की है। इन्हें विधानसभावार जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी खुद इस चुनाव पर नजर रखेंगे। वह प्रचार के लिए भी आ सकते हैं। यूपी कांग्रेस प्रभारी दिग्विजय सिंह व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी से कहा गया है कि वह अपनी पूरी ताकत फिरोजाबाद उपचुनाव में झोंक दें।

फिरोजाबाद सीट पर सपा और बहुजन समाज पार्टी  की बीच कड़ी टक्कर थी लेकिन राजबब्बर के कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में आने से दोंनो दलों के समीकरण गड़बडा़ गए हैं। सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव के कन्नौज सीट बरकरार रखने व फिरोजाबाद से इस्तीफे के कारण यहाँ उपचुनाव हो रहा है।  अखिलेश ने यहाँ बसपा के उम्मीदवार एसपी सिंह बघेल को हराया था। सिने अभिनेता राजबब्बर ने कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में पिछला चुनाव आगरा मंडल की फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से लडा़ था जिसमें वे बसपा की उम्मीदवार सीमा उपाध्याय से लगभग नौ हजार मतों से पराजित हो गए थे।

लेकिन इस बार कांग्रेस नेतृत्व ने फिरोजाबाद सीट को गंभीरता से लिया है। युवा नेता राहुल गांधी के राजबब्बर के प्रचार के लिए खुद फिरोजाबाद आने की संभावना है। इसके अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अपने सांसद जगदम्बिका पाल, सांसद संजय सिंह, विधानमंडल दल के नेता प्रमोद तिवारी, एमएलसी विवेक बंसल और पूर्व सांसद ब्रिजेन्द्र सिंह को फिरोजाबाद की पाँच अलग-अलग विधानसभा सीटोंे का प्रभारी बना दिया है। इनकी मदद के लिए यूपी कांग्रेस ने पाँच अन्य वरिष्ठ नेताओं की टीम गठित की है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री सुबोध श्रीवास्तव के अनुसार संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले पाँचों विधान सभा क्षेत्रों में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष डा. रीता बहुगुणा आगामी 26 एवं 27 अगस्त को क्षेत्र में दौरा करेंगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें