फोटो गैलरी

Hindi News19 सीबीआई अधिकारियों को मिले राष्ट्रपति पुलिस पदक

19 सीबीआई अधिकारियों को मिले राष्ट्रपति पुलिस पदक

सीबीआई के 19 अधिकारियों को इस साल के पुलिस पदकों से सम्मानित किया गया जिनमें बोफोर्स मामले की जांच करने वाले ओपी मल्होत्रा तथा भ्रष्टाचार के आरोपों में बूटा सिंह के बेटे को गिरफ्तार करने वाले रिशिराज...

19 सीबीआई अधिकारियों को मिले राष्ट्रपति पुलिस पदक
एजेंसीSat, 15 Aug 2009 11:36 AM
ऐप पर पढ़ें

सीबीआई के 19 अधिकारियों को इस साल के पुलिस पदकों से सम्मानित किया गया जिनमें बोफोर्स मामले की जांच करने वाले ओपी मल्होत्रा तथा भ्रष्टाचार के आरोपों में बूटा सिंह के बेटे को गिरफ्तार करने वाले रिशिराज सिंह भी शामिल हैं।

मल्होत्रा को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा रहा है। वह राजस्थान से 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में सीबीआई में संयुक्त निदेशक हैं तथा स्पेशल टास्क फोर्स का नेतृत्व कर रहे हैं।

सीबीआई में लंबित मामलों को कम करने में मदद के साथ ही उन्होंने बोफोर्स तोप सौदे जैसे चर्चित मामलों की भी जांच की। हाल में मल्होत्रा ने एक टीम का नेतृत्व किया जिसने आयुध कारखाने में कथित तौर पर भ्रष्टाचार का खुलासा किया जिससे पूर्व अध्यक्ष तथा प्रबंध निदेशक सुदीप्तो घोेष की गिरफ्तारी संभव हुई।

महाराष्ट्र से 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी रिशिराज सिंह ने हाल ही में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह को भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया था। सिंह वर्तमान में पश्चिमी क्षेत्र के संयुक्त निदेशक हैं। उन्हें भ्रष्टाचार के मामले का खुलासा करने के लिए सम्मानित किया गया।

उत्तर प्रदेश कैडर के 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण कुमार को भी इसी पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने उस मामले की जांच की थी जिसमें दिल्ली पुलिस की विशेष इकाई ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था जो बाद में निर्दोष निकले। इसमें विशेष इकाई के खिलाफ कार्रवाई करने की सिफारिश भी की गई।
 
अरुण कुमार ने आरूषी हत्याकांड और निठारी में हुई सिलसिलेवार हत्याओं की भी जांच की थी ।

पुलिस के अतिरिक्त अधीक्षक डीएन विश्वास को भी विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा रहा है। उप महानिरीक्षक हेमंत प्रियदर्शी, जकी अहमद और पुलिस अधीक्षक एनएम सिंह उन 15 पुलिस अधिकारियों में शामिल हैं जिन्हें सराहनीय सेवा के लिए इस साल के पुलिस पदक से सम्मानित किया जा रहा है।

पुरस्कार पाने वाले अन्य अधिकारियों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरी सिंह गुरवरिया, पुलिस उपाधीक्षक घनश्याम राय, एसके सरीन ,पुलिस निरीक्षक कलाइमी गोपालन, कुमारेसन कष्णास्वामी , उप निरीक्षक मानक चंद, रविन्दर कुमार, सहायक उपनिरीक्षक बंसीधर तिवारी , हेड कांस्टेबल दिलबाग खत्री, रावेल सिंह, कांस्टेबल हरपाल सिंह और के़ अब्दुल रशीद शामिल हैं ।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें