फोटो गैलरी

कुसहा तटबंध की मरम्मत पर केन्द्र ने बिहार की पीठ थपथपाई है। केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री पवन बंसल ने कुसहा तटबंध के निर्माण कार्य के निरीक्षण के बाद काम की गुणवत्ता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने...

लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 12 Jul 2009 10:43 PM
ऐप पर पढ़ें

कुसहा तटबंध की मरम्मत पर केन्द्र ने बिहार की पीठ थपथपाई है। केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री पवन बंसल ने कुसहा तटबंध के निर्माण कार्य के निरीक्षण के बाद काम की गुणवत्ता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने पूरे काम को संतोषप्रद बताया और बिहार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने बाढ़ से निजात दिलाने में भी मदद का भरोसा दिलाया।

केन्द्रीय मंत्री  शनिवार को काठमांडू आए थे और रविवार को वे कुसहा तटबंध के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। बिहार के जल संसाधन मंत्री विजेन्द्र प्रसाद यादव ने उनकी अगवानी की। यादव ने उन्हें तटबंध मरम्मत के साथ-साथ अन्य निर्माण कार्यो की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से नेपाल भाग में पड़ने वाले कोसी तटबंध की सुरक्षा के लिए विशेष उपाय करने का अनुरोध किया। उन्होंने 32 किलोमीटर लंबे कोसी तटबंध की सुरक्षा के लिए नेपाल सरकार से उच्चस्तरीय वार्ता करने का सुझव भी दिया। मंत्री ने नेपाल सरकार से सहयोग मिलने की बात स्वीकारी और कहा कि नेपाल की मदद से ही तटबंध मरम्मत का काम पूरा हो पाया है।

गत वर्ष 18 अगस्त को कोसी नदी की धारा बदल जाने के कारण कुसहा के निकट तटबंध टूट गया था। इसके कारण उत्तर बिहार के पांच जिलों में भीषण बाढ़ आ गई और भारी तबाही हुई। तटबंध टूटने के कारण पांच स्पर भी बह गए थे। हालांकि तटबंध और स्पर पिछले डेढ़ दशक में रखरखाव के अभाव में काफी जर्जर थे और अपनी क्षमता खो चुके थे। राज्य सरकार ने युद्धस्तर पर इसकी मरम्मत शुरू की और इस वर्ष जून में तटबंध के साथ-साथ सभी स्पर बना लिए गए। कुसहा के निकट दो स्पर अलग से बनाए गए ताकि तटबंध को अतिरिक्त मजबूती दी जा सके।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें