उग्रवादियों से संबंध, मणिपुरी कलाकार गिरफ्तार
प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कान्ना लुप (केवाईकेएल) से संबंध होने के आरोप में मणिपुरी फिल्मों की मशहूर कलाकार उरिखिनबाम देविता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मणिपुरी...
प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कान्ना लुप (केवाईकेएल) से संबंध होने के आरोप में मणिपुरी फिल्मों की मशहूर कलाकार उरिखिनबाम देविता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि मणिपुरी फिल्मों की 24 वर्षीय इस शीर्ष कलाकार को नई दिल्ली से लौटते वक्त इम्फाल हवाईअड्डे पर सोमवार की देर शाम गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘देविता को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।’’
उल्लेखनीय है कि पिछली 16 जून को मणिपुर पुलिस और दिल्ली पुलिस के एक दल ने देविता को केवाईकेएल के 48 वर्षीय शीर्ष नेता आरके रघुनाथ के साथ नई दिल्ली में होटल के एक कमरे में पाया था। रघुनाथ को तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लेकिन देविता को छोड़ दिया गया था।
इस बीच, देविता के परिजनों ने उसे निर्दोष बताया है। सूत्रों के मुताबिक वह दिल्ली इलाज कराने के लिए गई थी। देविता की मां उमावती देवी ने कहा, ‘‘मेरी बेटी निर्दोष है।’’ देविता ने फिल्मों में अपने अभिनय के लिए कई पुरस्कार भी जीते हैं।