फोटो गैलरी

Hindi Newsप्रधान पति ने वीडीओ पर हाथ छोडा

प्रधान पति ने वीडीओ पर हाथ छोडा

ग्राम प्रधान के पति व ग्राम विकास अधिकारी के बीच मारपीट हो गई। नतीजतन ग्राम प्रधान संघ व ग्राम विकास अधिकारी संघ आमने-सामने हो गए। विकास खंड में हुई इस घटना के बाद ग्राम विकास अधिकारी धरने पर बैठ गए...

प्रधान पति ने वीडीओ पर हाथ छोडा
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 15 Jun 2009 05:45 PM
ऐप पर पढ़ें

ग्राम प्रधान के पति व ग्राम विकास अधिकारी के बीच मारपीट हो गई। नतीजतन ग्राम प्रधान संघ व ग्राम विकास अधिकारी संघ आमने-सामने हो गए। विकास खंड में हुई इस घटना के बाद ग्राम विकास अधिकारी धरने पर बैठ गए और कार्य का बहिष्कार कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्राम प्रधान संघ के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने कर्मचारियों पर समझौते को लेकर दबाव बनाना शुरू कर दिया।

बताते चलें कि रतनपुर ग्राम सभा की प्रधान हीरा देवी के पति ठाकुर सिंह व ग्राम विकास अधिकार चरन सिंह के बीच पिछले कुछ माह से गांव की विकास योजनाओं को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद के कारण दोनों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हो चुकी है। इसमें ग्राम प्रधान संघ की ओर से समझौता भी करवाया जा चुका है। इसी विवाद के चलते सोमवार की दोपहर में ठाकुर सिंह विकास खंड में ग्राम विकास अधिकारी चरन सिंह से उलझ गये और हाथापाई पर उतर आये। इस मारपीट की घटना के बाद विकास खंड में कर्मचारी और जनप्रतिनिधि दो धड़ों में बंट गए। ग्राम विकास अधिकारी चरन सिंह का कहना है कि ठाकुर सिंह ने देशी कट्टा दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। तो ठाकुर सिंह का कहना है कि ग्राम विकास अधिकारी पिछले कई माह से गांव में नही आये हैं, जिनकी विकास कार्यो की जांच की जानी चाहिये।

चरन सिंह ने पुलिस को लिखित तहरीर सौंप कर कार्रवाई की मांग की है। विकास खंड में पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी ठाकुर सिंह को हिरासत में लेने के लिए प्रयास कर रही है। लेकिन जनप्रतिनिधियों के दबाव के बाद पुलिस को विकास खंड से बैरंग लौटना पड़ा। इधर पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज ग्राम विकास अधिकारियों ने विकास खंड कार्यालय के समक्ष कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। विधायक गोपाल सिंह राणा की उपस्थित में ग्राम संघ के पदाधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी डीएन कांडपाल के बीच समझौते को लेकर वार्ता चल रही है। वहीं सरकारी कर्मचारियों का आरोप है कि पंचायती चुनावों में महिला सीटों पर विजयी महिला जनप्रतिनिधियों के पति पंचायती कार्यो की समीक्षा करते है और सरकारी काम में दखल देते है। इधर वार्ता के दौरान विधायक गोपाल सिंह राणा ने भी ब्लाक प्रमुख जयंती देवी के पति देवेंद्र चंद पर चुटकी लेते हुए कहा कि सबसे पहले इन्हें भी ब्लॉक प्रमुख की सीट से हटाना चाहिये और जयंती देवी को स्वयं ब्लाक प्रमुख सीट पर बैठ कर कार्य देखना चाहिए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें