फोटो गैलरी

Hindi Newsझारखंड में स्थिर सरकार बनाएं: मोदी

झारखंड में स्थिर सरकार बनाएं: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड की तरक्की के लिए स्थायी सरकार की वकालत की है। मोदी ने कहा कि झारखंड को मिलीजुली सरकार की जरूरत नहीं है। इसके सौदे बहुत महंगे होते हैं। जनता को ऐसी सरकार से भला...

झारखंड में स्थिर सरकार बनाएं: मोदी
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 06 Dec 2014 07:39 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड की तरक्की के लिए स्थायी सरकार की वकालत की है। मोदी ने कहा कि झारखंड को मिलीजुली सरकार की जरूरत नहीं है। इसके सौदे बहुत महंगे होते हैं। जनता को ऐसी सरकार से भला होनेवाला नहीं है। मोदी शनिवार को हजारीबाग के मटवारी गांधी मैदान में भाजपा की एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में 33 सीटों पर मतदान हो चुका है। भारी मदतान हुआ है। आगे भी ज्यादा से ज्यादा मतदान करके भाजपा के लिए स्थिर सरकार बनाना झारखंड के लिए जरूरी है।

मोदी ने लोगों का आह्वान किया कि अब जातिवादी और अगड़े पिछड़े की राजनीति से तौबा करें। झारखंड में अब विकास की राजनीति होगी। जाति बिरादरी की राजनीति से राज्य का भला होनेवाला नहीं है। देश को आगे बढ़ाने के लिए विकास चाहिए। झारखंड में इसकी असीम संभावनाएं हैं। झारखंड का भला हुआ तो हिन्दुस्तान के बहुत से राज्यों का भला होगा। राज्य से युवाओं के पलायन पर अफसोस जाहिर करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड में इतनी ताकत है कि यहां सबका पेट भर सकता है, बाहर जाने की किसी को जरूरत नहीं पड़ेगी। हमारी कोशिश झारखंड के हर नौजवान को मजबूत बनाने की होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि परमात्मा ने झारखंड को इतना कुछ दिया है कि वह पूरे हिन्दुस्तान का पेट भर सकता है। लेकिन झारखंड के लोग गरीब और बेरोजगार ही रह गए। यहां की माता-बहनें दिल्ली में बरतन साफ करती हैं यह देखकर पीड़ा होती है। मोदी ने झारखंड की प्राकृतिक संपदा की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब मैं गुजरात में था तो मुङो ईष्र्या होती थी। हमें तो रेगिस्तिान दे दिया और इस राज्य को हरे-भरे जंगल मिले हैं। प्रकृति ने जो दिया सो दिया, अब आपको एक स्थिर सरकार की जरूरत है।

सभा को प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री जयंत सिन्हा, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास और भाजपा-आजसू के प्रत्याशियों ने संबोधित किया। सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा, अजरुन मुंडा, प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय सहित कई नेता उपस्थित थे।

संकल्प को प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर घाटी में शुक्रवार को हुए आतंकी हमले में शहीद झारखंड के संकल्प कुमार शुक्ला को श्रद्धांजलि दी। सभा की शुरूआत में प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवादियों ने कश्मीर में हमले की साजिश रच कर हमारे लोकतंत्र पर हमला करने की साजिश की है। इसमें झारखंड का एक सपूत संकल्प ने बलिदान दिया है। मैं शहीद संकल्प कुमार और सभी जवानों के प्रति, भारत माता के इन सपूतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। झारखंड की शहादत देश याद रखेगा।

भीड़ देख गदगद थे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हजारीबाग की चुनावी सभा में भीड़ देखकर प्रफुल्लित थे। मटवारी गांधी मैदान की भीड़ मंच पर बैठे प्रधानमंत्री समेत सभी नेताओं को अपनी ओर खींच रही थी। चारो ओर लोग ही लोग नजर आ रहे थे। सड़क से लेकर मैदान, आसपास के सभी मकानों की छतों और पेड़ों पर लोग जमे हुए थे।

प्रधानमंत्री ने भीड़ से संवाद बनाते हुए शिकायती लहजे में कहा- आपलोगों से मेरी बड़ी शिकायत है। शिकायत करूं , बूरा तो नहीं मानोगे न। मुङो चुनाव में जीतना था, मेरे साथियों को जिताना था, मेरा सबकुछ दाव पर लगा था तब उस समय इसी मैदान में भीड़ इससे आधी थी। आज उससे भी ज्यादा भीड़ कैसे हो गई? उस समय आधी भीड़ आने के बाद भी आपलोगों ने दिल्ली में एक मजबूत सरकार बनायी। इतनी भीड़ देखकर इस बार मुङो लगता है कि क्या आप किसी दूसरे दल को झारखंड में बचने देंगे या नहीं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें