फोटो गैलरी

Hindi Newsमोदी के खिलाफ महागठबंधन की कोशिश आज चढ़ सकती है परवान

मोदी के खिलाफ महागठबंधन की कोशिश आज चढ़ सकती है परवान

राष्ट्रीय स्तर पर गैर भारतीय जनता पार्टी और गैर कांग्रेसी सशक्त मोर्चा बनाने की कवायद और अब तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के दिल्ली आवास पर इस सिलसिले...

मोदी के खिलाफ महागठबंधन की कोशिश आज चढ़ सकती है परवान
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 04 Dec 2014 11:10 AM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय स्तर पर गैर भारतीय जनता पार्टी और गैर कांग्रेसी सशक्त मोर्चा बनाने की कवायद और अब तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के दिल्ली आवास पर इस सिलसिले में आज हो रही पुराने जनता दल परिवार की बैठक में तीसरे मोर्चे का स्वरूप सामने आ सकता है। बहरहाल, तीसरे मोर्चे के गठन की संभावनाओं ने सियासी हलकों में आज होने वाली बैठक की अहमियत बढ़ा दी है।

निगाहें इस पर भी हैं कि क्या गैर भाजपा और गैर कांग्रेसी मोर्चा बनाने में जुटे नेता पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस, उड़ीसा के बीजू जनता दल और वामपंथी दलों को साथ लाने में कामयाब हो पाते हैं। सूत्रों के अनुसार, अब तक जिन नेताओं के गुरुवार को दिल्ली में होने वाली बैठक में शामिल होने की खबर है उनमें सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के अलावा जनता दल यूनाइटेड के नीतीश कुमार, राष्ट्रीय जनता दल के लालू प्रसाद यादव, जनता दल एस के एच.डी. दैवेगौड़ा, सपा के रामगोपाल यादव, आईएनएलडी के दुष्यन्त चौटाला प्रमुख हैं।

यह भी बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय स्तर पर संभावित मोर्चे की कमान सपा अध्यक्ष को देने पर सहमति बन चुकी है। इस बीच सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के सांसद पोते तेज प्रताप के साथ राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी की शादी तय होने की खबरों ने भी लालू-मुलायम-नीतीश कुमार के नजदीक आने की खबरों को और पुख्ता किया है। ऐसे में जब लोकसभा चुनाव में कांग्रेस बेहद कमजोर हुई है और अन्य प्रदेशों में हो रहे विधानसभा चुनाव में यह क्रम जारी है। इन नेताओं की कोशिश विपक्षी दलों का एक मोर्चा बनाकर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जनता को मजबूत विकल्प दिया जाए। मोर्चा बनाने के लिए एक बैठक बीती  8 नवम्बर को भी हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार फिलहाल तीसरे मोर्चे में जो लोग शामिल हैं वे सभी पुराने जनता दल परिवार के हैं।

भाजपा को रोकने के लिए महागठबंधन जरूरी : मांझी
भाजपा जैसी फासिस्टवादी ताकतों को जड़ से मिटाना होगा। इसके लिए सेक्युलर दलों की एकता जरूरी है। जिस तरह बिहार में भाजपा को रोकने के लिए सेक्युलर दलों के महागठबंधन का प्रयोग सफल हुआ है। उसी तरह से देश में भी भाजपा को उल्टे पांव भागने पर विवश करने के लिए ऐसा ही महागठबंधन का होना जरूरी है।
- जीतनराम मांङी, मुख्यमंत्री, बिहार (चंदौली में कहा)

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें