फोटो गैलरी

Hindi Newsरात एक बजे भाजपा ने बदला लातेहार प्रत्याशी

रात एक बजे भाजपा ने बदला लातेहार प्रत्याशी

भारतीय जनता पार्टी में मंगलवार की रात दिल्ली से लेकर रांची तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। इसके क्लाइमेक्स में रात लगभग एक बजे लातेहार प्रत्याशी नारायण भोक्ता को बदल दिया गया जिसका फरमान केंद्रीय नेतृत्व...

रात एक बजे भाजपा ने बदला लातेहार प्रत्याशी
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 06 Nov 2014 12:27 AM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय जनता पार्टी में मंगलवार की रात दिल्ली से लेकर रांची तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। इसके क्लाइमेक्स में रात लगभग एक बजे लातेहार प्रत्याशी नारायण भोक्ता को बदल दिया गया जिसका फरमान केंद्रीय नेतृत्व ने सुनाया। इस पूरी घटना को लेकर रात दो बजे तक दिल्ली से लेकर रांची तक पार्टी के आला नेताओं में विचार-विमर्श का गहन दौर चला। भोक्ता को टीपीसी का पूर्व जोनल कमांडर बताया जाता है। उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट है।

नए उम्मीदवार के तौर पर सुबह पांच बजे भाजपा कार्यालय से पलामू के पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम को फोन किया गया। उस समय वह रांची में अपने घर में सो रहे थे। उन्हें भाजपा कार्यालय बुलाया गया और कहा गया कि वह लातेहार जाकर नामांकन दाखिल करें। पार्टी सिंबल भी सुबह ही भेजा गया। समय खत्म होने से दस मिनट पहले (2:50 बजे) राम ने नामांकन दाखिल किया। उधर, नारायण भोक्ता गिरफ्तारी के डर से फरार हो गये हैं। पुलिस मंगलवार की रात से ही गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

रात में ही तय हुआ उम्मीदवार
रात एक बजे तक प्रदेश अध्यक्ष डॉ रवींद्र राय दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में बैठे थे। केंद्र ने रात में ही फैसला सुनाया कि उम्मीदवार बदलना होगा। रात में ही संगठन महामंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह को सूचना दी गई। रात लगभग डेढ़ बजे राजेंद्र सिंह ने रघुवर दास से फोन पर बात की। उसके बाद तय हुआ कि ब्रजमोहन राम को उम्मीदवार बनाया जायेगा।

केंद्र को मिली थी रिपोर्ट
नारायण भोक्ता को लेकर प्रदेश नेतृत्व ने केंद्र को अंधेरे में रखा। सूचना है कि सुरक्षा एजेंसियों की तरफ से भोक्ता के मामले में रिपोर्ट भेजी गई थी। उसके बाद भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व सक्रिय हुआ। प्रदेश नेतृत्व के साथ चतरा सांसद, लातेहार जिलाध्यक्ष की भूमिका को लेकर केंद्र नाराज है। कहा जा रहा है कि इस प्रकरण में प्रदेश के कई नेताओं को फटकार लगी है।

राय ने किया था इनकार
जब मीडिया ने नारायण भोक्ता को टिकट मिलने पर उनकी पृष्ठभूमि पर सवाल किया था तो रवींद्र राय ने कहा था कि भोक्ता पर कोई आरोप नहीं है। वह सारे मामलों से बरी हो चुके हैं।

बदले जाएंगे पलामू के एसपी
रांची। उग्रवादग्रस्त पलामू के एसपी वाईएस रमेश को बदला जा सकता है। मां की बीमारी की वजह से वह लंबी छुप्ती पर हैं। पुलिस मुख्यालय ने यह तय किया है कि वहां नए एसपी के रूप में किसी अधिकारी को भेजा जाए। गृह विभाग ने बुधवार को पलामू में नए एसपी के लिए आइपीएस मयूर पटेल, विपुल शुक्ला और मनोज कुमार सिंह का नाम भेजा है। इन तीन अधिकारियों के पैनल में किसी एक को पलामू के एसपी के रूप में पदस्थापित किया जा सकता है या फिर चुनाव आयोग चाहे तो इनमें से किसी एक को पलामू का प्रभार दिया जा सकता है।

झामुमो ने दो प्रत्याशी बदले
रांची। झामुमो ने डालटनगंज और छतरपुर के प्रत्याशियों को बदल दिया है। अब डालटनगंज से संजीव कुमार तिवारी और छतरपुर से विरेन्द्र कुमार पासवान चुनाव लड़ेंगे। पहले क्रमश: कैप्टन संजय सिंह और उमेश कुमार पासवान को टिकट दिया गया था। इसके अलावा 14 सीटों के लिए प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की गई है।

 

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें