टिकट बंटने के बाद भाजपा, आजसू में घमासान
टिकट बंटवारे के साथ ही भाजपा में घमासान मच गया है। टिकट पाने से वंचित नेता दूसरे दलों में ठौर तलाशने लगे हैं। सोमवार को भाजपा के कई पुराने नेताओं-कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ दी। वहीं टिकट की आस में...
टिकट बंटवारे के साथ ही भाजपा में घमासान मच गया है। टिकट पाने से वंचित नेता दूसरे दलों में ठौर तलाशने लगे हैं। सोमवार को भाजपा के कई पुराने नेताओं-कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ दी। वहीं टिकट की आस में दूसरे दल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेता वापस लौटने लगे हैं। भाजपा ने 63 में 13 दलबदलुओं को टिकट दिया है। रांची पहुंचने पर रवींद्र राय ने हटिया सीट से दावेदार दीपक प्रकाश के घर पर जाकर उन्हें मनाने का प्रयास किया।
रवींद्र राय को लिफ्ट में घेरा
प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय सोमवार को जैसे ही भाजपा कार्यालय पहुंचे, पहले से मौजूद कार्यकर्ताओं ने घेर लिया। राय तेजी से लिफ्ट की ओर गये, लेकिन लिफ्ट रोक दिया गया। काफी देर तक कार्यकर्ता बाहर से उन्हें बुरा-भला कह रहे थे, जबकि राय सफाई दे रहे थे। एक-दो कार्यकर्ताओं ने धमकी भरे लहजे में कहा कि यह ठीक नहीं हुआ। कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की गई है। केवल पदाधिकारी ही चुनाव लड़ेंगे। कार्यकर्ता सिर्फ झंडा ढोने के लिए होता है।