चन्दौली। निज संवाददाता। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकताओं की बैठक गुरुवार को जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजेश कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान बुधवार को कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री को पुतला फूंकने पर एफआईआर दर्ज किए जाने की निंदा की गयी। कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र सरकार के जन विरोधी रवैये के विरोध में बुधवार को कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट के सामने शांतिपूर्ण तरीके से धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया।
लेकिन जिला प्रशासन ने कार्यकर्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अपनी मानसिकता का परिचय दे दिया है। जिले में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। जिसे रोकने में जिला प्रशासन पूरी तरह से असफल है। जिला प्रशासन जितना भी कार्यकर्ताओं पर मुकदमा लगा दे कार्यकर्ताओं का जनहित में संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर केदारनाथ शर्मा, शमीम मिल्की, मनोज सोनकर, विजय त्रिपाठी, प्रताप नारायण पाण्डेय, सतीश बिन्द, नूर मोहम्मद, रजनीकान्त पाण्डेय, महेन्द्र यादव, सत्येन्द्र सिंह, बेचन सिंह पटेल, डा. सुल्तान खान, श्रीराम यादव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।