फोटो गैलरी

Hindi Newsमानसून मीटर : निष्क्रिय पड़ा मानसून फिर सक्रिय

मानसून मीटर : निष्क्रिय पड़ा मानसून फिर सक्रिय

करीब एक पखवाड़े तक निष्क्रिय रहने के बाद मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार को मानसून ने लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, समूचे उत्तराखंड और हिमाचल तथा जम्मू कश्मीर के कई हिस्सों में दस्तक दे...

मानसून मीटर : निष्क्रिय पड़ा मानसून फिर सक्रिय
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 02 Jul 2014 11:37 AM
ऐप पर पढ़ें

करीब एक पखवाड़े तक निष्क्रिय रहने के बाद मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार को मानसून ने लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, समूचे उत्तराखंड और हिमाचल तथा जम्मू कश्मीर के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है।

इन इलाकों में पहले दौर में अच्छी मानसूनी बारिश दर्ज की गई है। बुधवार को दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई और इलाकों में भी मानसून के छा जाने की संभावना है। मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. एल. एस. राठौर ने बताया कि मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। अगले एक-दो दिनों में इसके देश के बाकी हिस्सों में भी पहुंचने की संभावना है।
 
उम्मीद है कि अगले सप्ताह से मानसूनी बारिश में इजाफा होगा। मंगलवार को उत्तराखंड और हिमाचल को पूरी तरह से मानसून ने कवर कर लिया जबकि हरियाणा और पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में मानसूनी बारिश हुई है। उत्तर प्रदेश में मानसून लखनऊ, बरेली होते हुए हरियाणा के अंबाला और पंजाब के अमृतसर तक जा पहुंचा है। दिल्ली में मानसून के अनुकूल स्थितियां बनी हुई हैं।
 
पुरवा हवाएं भी सैट होने लगी हैं। लेकिन साइक्लोनिक सिस्टम नहीं बन पाने के कारण अभी तक बारिश नहीं हो पाई है। लेकिन अब स्थितियां अनुकूल हो रही हैं। अब अगले 24 घंटों के भीतर दिल्ली में जोरदार बारिश के साथ मानसून के दस्तक देने की संभावना है।

पूर्वाचल पर बदरा हुए मेहरबान
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। खलीलाबाद में आठ, गोरखपुर और र्हैया में सात-सात, तुतीपार में छह, कतर्नियाघाट, बर्डघाट और अयोध्या में पांच-पांच, देवबंद, आंवला, ठाकुरद्वारा तथा सलेमपुर में चार-चार, गाजीपुर, घोसी, नकुड, मुरादाबाद, रिगौली और मुखलिसपुर में तीन-तीन, बांसगांव, बांसी, रायबरेली, मुहम्मदी तथा बरेली में दो-दो सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

उत्तराखंड पहुंचा मानसून
दक्षिण पश्चिम मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ी है और पंजाब के कुछ हिस्सों में मंगलवार को दस्तक दी, जबकि हरियाणा सहित उत्तर पश्चिम क्षेत्र के इलाकों में मानसून पूर्व बौछारें पड़ीं। यूपी के कुछ हिस्सों के अलावा उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू कश्मीर में मानसून छा गया है।

पूर्वानुमान
आज:   अगले 24 घंटों में दिल्ली,यूपी के शेष इलाकों, चंडीगढ़ व राजस्थान में मानसून का हो सकता है आगमन।
कल :  हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ भारी बारिश होने की है संभावना।

बस्ती में झमाझम बारिश
09 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई बस्ती तथा मुजफ्फरनगर में, यह यूपी में सबसे ज्यादा है
07 सेंटीमीटर औसतन बारिश रिकॉर्ड की गई गोरखपुर,अंबाला, कोलकाता, रांची, गंगटोक में।
42.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया मछलीपत्तनम(आंध्र) में मंगलवार को, जो देश में सर्वाधिक है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें