फोटो गैलरी

Hindi Newsनामांकन के बाद में कराया जयपुर हाउस में कार्यालय का उद्घाटन

नामांकन के बाद में कराया जयपुर हाउस में कार्यालय का उद्घाटन

सीकरी के भाजपा प्रत्याशी चौ. बाबूलाल ने बुधवार सुबह सभी को चौंका दिया। चार अप्रैल की जगह वो सुबह अचानक पर्चा भरने निकल पड़े। खास सिपेहसालार उनके साथ थे। पार्टी पदाधिकारियों को भी खबर नहीं थी। सस्पेंस...

नामांकन के बाद में कराया जयपुर हाउस में कार्यालय का उद्घाटन
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 02 Apr 2014 11:31 PM
ऐप पर पढ़ें

सीकरी के भाजपा प्रत्याशी चौ. बाबूलाल ने बुधवार सुबह सभी को चौंका दिया। चार अप्रैल की जगह वो सुबह अचानक पर्चा भरने निकल पड़े। खास सिपेहसालार उनके साथ थे। पार्टी पदाधिकारियों को भी खबर नहीं थी। सस्पेंस और ड्रामे के बीच 11:30 बजे उन्होंने पर्चा भर दिया। जयपुर हाउस में उनके चुनाव कार्यालय का उद्घाटन बाद में हुआ। यहां पार्टी के लगभग सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।

चौ. बाबूलाल चार अप्रैल को नामांकन करने वाले थे। पंडितों से मुहूर्त निकलवाया जा चुका था। तब तक पार्टी की ओर से ‘बी’ फॉर्म मिलने की उम्मीद की जा रही थी। बुधवार सुबह 10 बजे जयपुर हाउस में उनके चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया जाना था। कार्यकर्ता यहां पहुंच गए। दूसरी ओर चौ. बाबूलाल यहां न आकर खास सिपेहसालारों के साथ कलक्ट्रेट कूच कर गए। खबर उड़ी कि बाबूलाल नामांकन करने जा रहे हैं। 11 बजे तक बाबूलाल कलक्ट्रेट में प्रवेश कर चुके थे। उनके साथ बमुश्किल 20-30 लोग गए थे। इन्हें भी 200 मीटर पहले ही रोक लिया गया। नामांकन कक्ष में सिर्फ कुं. शैलराज सिंह एडवोकेट, प्रस्तावक राकेश कुमार और महेश बघेल गए। इन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी बीडी गुप्ता के समक्ष नामांकन दाखिल किया। पर्चे में उन्होंने खुद को भाजपा के प्रत्याशी के रूप में पेश किया है। चौधरी ने निर्वाचन अधिकारी से कहा कि वे चार अप्रैल को बी फॉर्म जमा करा देंगे। 11:30 बजे उन्होंने पर्चा दाखिल किया। लगभग 11:45 पर वे कलक्ट्रेट से बाहर आ गए। उनके साथ डा. रजनीश त्यागी, रामप्रताप सिंह चौहान, प्रशांत पौनियां भी थे। इस दौरान कुछ समर्थक कलक्ट्रेट तक पहुंच लिए थे। तब तक बाबूलाल अपना काम कर चुके थे। इसके बाद चौधरी सीधे जयपुर हाउस स्थित चुनाव कार्यालय पहुंचे। यहां पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

सामा ने काटा फीता, पदाधिकारी रहे हाजिर
ताजनगरी में पार्टी के पुरोधा राजकुमार सामा ने चौ. बाबूलाल के चुनाव कार्यालय का फीटा काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर लगभग सभी पदाधिकारी हाजिर रहे। जिलाध्यक्ष अशोक राना, महानगर अध्यक्ष नगेन्द्र प्रसाद दुबे गामा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष डा. मंजुला जादौन, पं. मधुसूदन शर्मा, मातेन्द्र धाकरे, श्याम भदौरिया, प्रदीप भाटी, डा. रामबाबू हरित, केके भारद्वाज, मोहन सिंह चाहर, ओम प्रकाश चलनी वाले, गिर्राज कुशवाह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी, हेमा परिहार, उर्मिला प्रकाश मौजूद रहे। चौ. उदयभान सिंह, राजकुमार चाहर, केशव दीक्षित नजर नहीं आए।

दिल्ली जाने की खबर उड़ी, टोल से लौटे!
शाम करीब छह बजे चौ. बाबूलाल चुनाव कार्यालय से रवाना हो गए। उनके कुछ खास लोग अलग गाड़ियों में उनके साथ निकल लिए। खबर उड़ी कि बाबूलाल को दिल्ली तलब किया गया है। करीब एक घंटा बाद उनके आगरा में होने की पुष्टि हो गई। बताया गया कि टिकट सुरक्षित रहने की खबर पर बाबूलाल समर्थकों समेत यमुना एक्सप्रेस-वे के टोल नंबर तीन से वापस आगरा लौट आए।

मरते दम तक रहूंगा पार्टी के साथ
हमने मुहूर्त के हिसाब से पर्चा भरा है। 10:30 से 12 बजे तक का समय तय किया था। 4 को बी फॉर्म जमा कर देंगे। निर्दलीय नहीं पार्टी के प्रत्याशी के रूप में पर्चा भरा है। जिंदगी में पहली बार पार्टी बदली है। अब आखिरी सांस तक पार्टी का सिपाही रहूंगा। नाराज लोगों को मेरे बड़े बेटे ने मनाने की कोशिश की है। मैं भी सभी के द्वार पर हो आया हूं। जरूरत पड़ी तो एक-एक बार फिर जाऊंगा।
चौ. बाबूलाल, भाजपा प्रत्याशी सीकरी। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें