फोटो गैलरी

Hindi Newsखेल मंत्रालय ने पीटरसन के भारतीय वीजा को मंजूरी दी

खेल मंत्रालय ने पीटरसन के भारतीय वीजा को मंजूरी दी

विदेश मंत्रालय ने सूचित किया कि उन्हें खेल मंत्रालय से इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज केविन पीटरसन के वीजा संबंधित जरूरी मंजूरी मिल गयी है जिससे उनका भारत आने का रास्ता साफ हो गया।...

खेल मंत्रालय ने पीटरसन के भारतीय वीजा को मंजूरी दी
एजेंसीTue, 11 Mar 2014 11:41 AM
ऐप पर पढ़ें

विदेश मंत्रालय ने सूचित किया कि उन्हें खेल मंत्रालय से इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज केविन पीटरसन के वीजा संबंधित जरूरी मंजूरी मिल गयी है जिससे उनका भारत आने का रास्ता साफ हो गया।
    
विदेश मंत्रालय के अधिकारिक प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने ट्वीट किया कि ब्रिटेन में भारतीय दूतावास जल्द ही पीटरसन को वीजा प्रदान कर देगा क्योंकि उन्हें खेल मंत्रालय से जरूरी मंजूरी मिल गयी है।
    
अकबरुददीन के ट्वीट को पीटरसन ने दोबारा ट्वीट किया, अच्छी खबर। ट्विटर के उपयोग से काम हो गया। खेल मंत्रालय से आवश्यक मंजूरी मिल गयी। जल्द वीजा प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू होगी। जल्द ही भारत में मिलूंगा।
    
इससे पहले पीटरसन ने अपने ट्विटर पेज पर भारत आने के लिए वीजा हासिल करने से संबंधित मुश्किलात की जानकारी दी। उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें भारत आना है और इस काम के लिए उनका पासपोर्ट पिछले 10 दिन से ब्रिटेन में भारतीय दूतावास में पड़ा है जिसके लिए महज 24 घंटे की जरूरत होती है और साथ ही विदेश मंत्रालय से इस संबंध में मदद का आग्रह किया।
    
उन्होंने ट्वीट किया, मैं जरूरी काम के लिए भारत की यात्रा करने की कोशिश कर रहा हूं और भारतीय दूतावास में मेरा पासपोर्ट 10 दिन से पड़ा है जिसके लिए 24 घंटे की जरूरत होती है। भारतीय विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास मदद करो।

इसके जवाब में अकबरुददीन इंग्लैंड के बल्लेबाज की समस्या उत्तर दिया और केंद्रीय खेल मंत्रालय से जरूरी मंजूरी की आवश्यकता बतायी। अकबरुददीन ने पीटरसन को जवाब दिया, कार्यक्रम के लिए खेल मंत्रालय की मंजूरी की जरूरत है। एक बार कार्यक्रम के आयोजक जरूरी मंजूरी हासिल कर लेते हैं तो तुरंत वीजा दे दिया जाएगा।
    
आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली डेयरडेविल्स ने पीटरसन को इस साल बरकरार रखा है, वह छठे आईपीएल के पूरे सत्र में उपलब्ध रहेंगे। यह तभी संभव हो सका जब इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने अधिकारिक रूप से घोषणा कर दी कि पीटरसन को इंग्लैंड के लिए खेलने के लिए नहीं चुना जाएगा।
    
इस 33 वर्षीय ने 104 टेस्ट में 8181 रन जुटाए हैं जिसमें 23 शतक शामिल हैं। उन्होंने 136 वनडे में नौ सैकड़ों से 4440 रन बनाए हैं। पीटरसन के इस महीने के अंत में आने की संभावना है क्योंकि दिल्ली डेयरडेविल्स 2014 सत्र के लिए नई जर्सी का अधिकारिक रूप से अनावरण करेंगे। कोच गैरी कर्स्टन के भी इस कार्यक्रम में आने की उम्मीद है।
    
दिल्ली डेयरडेविल्स का पिछला सत्र काफी खराब रहा था और पीटरसन घुटने की सजर्री के कारण अनुपलब्ध रहे थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें