फोटो गैलरी

Hindi Newsभाजपा ने की चुनाव आयोग में राहुल गांधी की शिकायत

भाजपा ने की चुनाव आयोग में राहुल गांधी की शिकायत

राहुल गांधी और कांग्रेस पर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने आज चुनाव आयोग के समक्ष उनकी (राहुल) इस टिप्पणी की शिकायत की जिसमें महात्मा गांधी की हत्या से राष्ट्रीय...

भाजपा ने की चुनाव आयोग में राहुल गांधी की शिकायत
एजेंसीSun, 09 Mar 2014 02:28 PM
ऐप पर पढ़ें

राहुल गांधी और कांग्रेस पर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने आज चुनाव आयोग के समक्ष उनकी (राहुल) इस टिप्पणी की शिकायत की जिसमें महात्मा गांधी की हत्या से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को जोड़ा गया। भाजपा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष पर कार्रवाई करने और कांग्रेस की मान्यता समाप्त करने की मांग भी की।
   
मुख्य चुनाव आयुक्त वी एस संपत को सौंपे ज्ञापन में भाजपा ने राहुल और उनकी पार्टी पर आदतन चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन करने और चुनाव से पहले साम्प्रदायिक तनाव को बढ़ावा देने वाला बताया।
   
ज्ञापन के अनुसार, ऐसी प्रार्थना की जाती है कि चुनाव आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की जाए और आचार संहित के बार बार उल्लंघन के लिए राष्ट्रीय पार्टी के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की मान्यता वापस ले लिया जाए।
   
भाजपा उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि राहुल गांधी के भाषण का पूरा स्वर लोगों की भावनाओं को भड़काना और भाजपा एवं आरएसएस के प्रति घृणा फैलाना था। उन्होंने कहा कि उनके बयान से स्पष्ट था कि वह लोगों के मन में ऐसी गलत एवं आधारहीन बात डालना चाह रहे है कि भाजपा हिन्दूओं एवं मुसलमानों तथा अन्य समुदायों के बीच टकराव एवं वैमनस्य पैदा करती है।
   
नकवी ने ज्ञापन में कहा कि राहुल गांधी का इरादा उनकी (महात्मा गांधी) की मौत के लिए गलत तरीके से आरएसएस को जिम्मेदार ठहराकर लोगों की भावनाएं भड़काना और हिन्दूओं, मुसलमानों और अन्य समुदायों के बीच यह भय पैदा करना है कि भाजपा इनके बीच तनाव पैदा करेगी।
   
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बयान न केवल गलत, अमर्यादित, निंदनीय और आधारहीन है बल्कि चुनाव आदर्श आचार संहिता एवं स्थापित लोकतांत्रिक मूल्यों का भी उल्लंघन है। 

नकवी ने कहा कि यह भाजपा, आरएसएस और उसके सदस्यों का चरित्रहनन करके देश के लोगों को भ्रमित करने का प्रयास है जो पूरी तरह से गलत, आधारहीन आरोपों एवं दुष्प्रचार पर आधारित है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें