मुंबई से 22 लाख लेकर भागे दो युवक गिरफ्तार
गावां प्रतिनिधि। मुंबई से बाइस लाख रुपए नगद लेकर भागे गावां के दो युवकों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। मुम्बई पुलिस ने गावां थाना पुलिस की मदद से युवकों को गिरफ्तार किया और उन्हें साथ ले गई।...
गावां प्रतिनिधि। मुंबई से बाइस लाख रुपए नगद लेकर भागे गावां के दो युवकों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। मुम्बई पुलिस ने गावां थाना पुलिस की मदद से युवकों को गिरफ्तार किया और उन्हें साथ ले गई। गावां थाना प्रभारी सुनीत कुमार व एएसआई संदीप कुमार ने मुंबई पुलिस की सूचना पर गावां प्रखंड के धरवे गांव में दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के घर से इक्कीस लाख सत्तर हजार रुपए भी बरामद कर लिये।
गिरफ्तार युवकों के नाम सिन्टु प्रसाद यादव (20) पिता जीवलाल प्रसाद यादव (धरवे) और विनोद यादव पिता बालेश्वर यादव (भागलपुर) है। छापामारी में मुंबई पुलिस के एक एसआई व कांस्टेबल के साथ वह व्यवसायी भी था, जिसके घर से दोनों युवक पैसे लेकर भागे थे।
व्यवसायी ने नाम नहीं छापने के आग्रह पर बताया कि दोनों युवक उनके यहां काम करते थे। इसी बीच एक दिन दोनों युवक घर की आलमारी से रुपए निकालकर फरार हो गए। व्यवसायी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में चोरी की सारी घटना कैद हो गई।
मामला मुंबई के गोरे गांव थाना में सीआरन. 79/14, धारा 381 के तहत दर्ज कराया गया। मुंबई पुलिस ने रुपए लेकर भागनेवाले लड़कों के पंचायत क्षेत्र के दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया व उनके साथ गावां थाना पहुंची।
थाना प्रभारी सुनीत कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी युवकों ने रुपए अपने घर के बक्से व अन्य जगहों पर छिपाकर रखे थे। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी युवकों को गुरुवार को मुंबई कोर्ट में पेश किया जाएगा।
व्यवसायी ने रुपए की बरामदगी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्थानीय पुलिस के सहयोग की प्रशंसा की।