फोटो गैलरी

Hindi Newsतीसरे मोर्चे के लिए शर्त नहीं, देशहित में समझौता: मुलायम

तीसरे मोर्चे के लिए शर्त नहीं, देशहित में समझौता: मुलायम

 मैनपुरी/करहल, हिन्दुस्तान संवाद। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने तीसरे मोर्चे की पुरजोर वकालत करते हुए साफ किया कि तीसरे मोर्चे के गठन में सपा की ओर से कोई शर्त नहीं होगी। देश की जनता के हित...

तीसरे मोर्चे के लिए शर्त नहीं, देशहित में समझौता: मुलायम
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 07 Feb 2014 12:50 AM
ऐप पर पढ़ें

 मैनपुरी/करहल, हिन्दुस्तान संवाद। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने तीसरे मोर्चे की पुरजोर वकालत करते हुए साफ किया कि तीसरे मोर्चे के गठन में सपा की ओर से कोई शर्त नहीं होगी। देश की जनता के हित में समझौता किया जाएगा।

तीसरे मोर्चे के लिए बात चल रही है। देश में भाजपा और कांग्रेस को जनता नहीं चाहती। तीसरे मोर्चे की अगली सरकार बने इसके लिए गैर कांग्रेसी और गैर भाजपाई दलों को एकजुटता दिखानी होगी। मुलायम ने साफ किया कि देश के समाजवादी एक नहीं हो पा रहे लेकिन बात चल रही है। धीरे-धीरे एक हो जाएंगे। कस्बा करहल में चौधरी नत्थू सिंह बीटीसी कॉलेज का उद्घाटन करने के उपरांत सपा मुखिया ने जनसभा में कहा कि भाजपा सपा को चुनौती दे रही है।

सपा ने भाजपा की चुनौती को कबूल किया है। जनसभाओं में भीड़ में हराने के बाद अब सपा सरकार भाजपा को विकास के सवाल पर भी हरा रही है। उत्तर प्रदेश एक ऐसा राज्य है, जहां स्वास्थ्य और शिक्षा पूरी तरह मुफ्त है। गरीब किसानों का 1650 करोड़ रुपए का कर्ज अखिलेश सरकार ने यूपी में माफ कर दिया। ऐसा पूरे देश में कहीं नहीं हुआ। किसानों को पूरे प्रदेश में मुफ्त पानी दिया जा रहा है। अखिलेश सरकार ने उत्तर प्रदेश में किसानों की जमीनों को नीलाम न होने देने का कानून बना दिया।

झूठे हैं चैनल, झूठे हैं सर्वे

चुनावी सर्वे पर मुलायम ने मीडिया पर तंज कसे और कहा कि चैनल झूठे हैं। झूठी खबरें ऐसे ही चलती रहीं तो लोग टीवी देखना छोड़ देंगे। उन्होंने प्रिन्ट मीडिया की तारीफ की। मुलायम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सीबीआई जांच शुरू कराकर उन्हें और उनके परिवार को जेल भेजने की साजशि की थी। वर्ष 2004 में शुरू हुयी सीबीआई जांच 2013 तक चली। पूरे 9 साल की जांच में सीबीआई जांच को कुछ भी नहीं मिला।

वे और उनका परिवार ईमानदार साबित हुआ। सीबीआई को केस समाप्त करना पड़ा। उन्होंने आह्वान किया कि भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे से मिले हुए हैं। प्रदेश की जनता सपा के पक्ष में इतना कर दे कि दिल्ली की सरकार सपा के बिना नहीं बन सके। इस दौरान प्राविधिक शिक्षा राज्यमंत्री आलोक शाक्य, पंचायती राज सलाहकार उत्तर प्रदेश सुभाष चन्द्र यादव भी उपस्थित थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें