फोटो गैलरी

Hindi Newsएमसीडी चुनाव परिणाम: भाजपा तीनों निगमों में आगे

एमसीडी चुनाव परिणाम: भाजपा तीनों निगमों में आगे

दिल्ली निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बढ़त बनाए हुए है। कुल 22 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार चुनाव जीत गए हैं जबकि 141 में से 80 पर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं कांग्रेस केवल 30 सीटों पर आगे...

एमसीडी चुनाव परिणाम: भाजपा तीनों निगमों में आगे
एजेंसीTue, 17 Apr 2012 01:13 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बढ़त बनाए हुए है। कुल 22 सीटों पर पार्टी के उम्मीदवार चुनाव जीत गए हैं जबकि 141 में से 80 पर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं कांग्रेस केवल 30 सीटों पर आगे है। वोटों की गिनती मंगलवार सुबह शुरू हुई।

सुबह 11 बजे तक की पहले तीन घंटे की गिनती में दिल्ली नगर निगम में सत्ता की कमान संभाले भाजपा के 22 उम्मीदवारों को भारी अंतर से जीत मिली है। अब तक कांग्रेस को केवल चार सीटें ही मिल सकी हैं। उत्तरी दिल्ली से एक निर्दलीय उम्मीदवार रीता भी चुनाव जीत गई हैं।

रोहिणी मध्य के वार्ड नंबर 50 में भाजपा नेता विजेंदर गुप्ता की पत्नी शोभा विजेंदर गुप्ता ने कांग्रेस की मोनिका पुरी को 7,065 मतों के भारी अंतर से हरा दिया है। पूर्वी दिल्ली में वार्ड नंबर 237 में भाजपा उम्मीदवार बलबीर सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी जगदीश को पराजित किया है।

भाजपा उत्तरी दिल्ली में 40 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 10 सीटों पर आगे है।

दक्षिण दिल्ली में भाजपा व कांग्रेस के बीच टक्कर जारी है। भाजपा 26 व कांग्रेस 16 सीटों पर आगे चल रही है। पूर्वी दिल्ली में भाजपा 14 व कांग्रेस चार सीटों पर आगे है।

हाल ही में तीन हिस्सों में बंटे दिल्ली निकाय में दक्षिणी व उत्तरी निगमों में से प्रत्येक में 104 वार्ड हैं जबकि पूर्वी निगम में 64 वार्ड हैं। इन वाडरें में 138 सीटें महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं। दक्षिणी दिल्ली में सबसे ज्यादा 904 उम्मीदवार मैदान में हैं। उत्तरी दिल्ली में 885 व पूर्वी दिल्ली में 634 उम्मीदवार हैं।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 272 वार्डो में वोटों की गिनती के लिए 32 केंद्र बनाए गए हैं, जहां गिनती जारी है। दोपहर तीन बजे तक परिणामों की घोषणा की उम्मीद है। इन चुनावों में मैदान में उतरे 2,423 उम्मादवारों के भाग्य का फैसला होगा।

अविभाजित दिल्ली नगर-निगम में भाजपा के 164 पार्षद थे जबकि कांग्रेस के 67 व बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के 17 पार्षद थे। भाजपा ने मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार व मूल्य वृद्धि को चुनावी मुद्दा बनाया है।

भाजपा के चुनाव जीत चुके उम्मीदवारों में रोहिणी वार्ड 21 से प्रवेश वही, रिठाला वार्ड 22 से शांता जैन, प्रेम नगर वार्ड 36 से गोपाल सिंह, कल्याणपुरी वार्ड 213 से राजकुमार और पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर से मुक्ता नागपाल शामिल हैं। कांग्रेस के विजयी उम्मीदवारों में हरि नगर वार्ड 111 से राजकुमारी व बाहरी दिल्ली के मुंडका से आजाद सिंह शामिल हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें