फोटो गैलरी

Hindi Newsअखिलेश सबसे कम तो रामप्रकाश सबसे ज्यादा उम्र के CM

अखिलेश सबसे कम तो रामप्रकाश सबसे ज्यादा उम्र के CM

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की गुरुवार को शपथ लेने वाले समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यदव सबसे कम उम्र के तो भाजपा की राज्य में गठबंधन सरकार में रामप्रकाश गुप्ता सबसे ज्यादा उम्र के...

अखिलेश सबसे कम तो रामप्रकाश सबसे ज्यादा उम्र के CM
एजेंसीThu, 15 Mar 2012 06:24 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की गुरुवार को शपथ लेने वाले समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यदव सबसे कम उम्र के तो भाजपा की राज्य में गठबंधन सरकार में रामप्रकाश गुप्ता सबसे ज्यादा उम्र के मुख्यमंत्री थे।

अखिलेश यादव की आयु 38 साल है तो गुप्ता ने 1999 में 76 साल की उम्र में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अखिलेश यादव राज्य के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिनके पिता भी इस पद पर रह चुके हैं। अखिलेश यादव के पिता और सपा के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री गोविंद बल्लभ पंत की आयु मुख्यमंत्री बनते वक्त पचास साल थी। सम्पूर्णा नंद 63 तो चन्द्रभानु गुप्त ने 58 साल की आयु में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। श्रीमती सुचेता कृपलानी जब मुख्यमंत्री बनी तो उनकी आयु पचपन साल की थीं। चौधरी चरण सिंह 65 साल की आयु में मुख्यमंत्री बने थे। त्रिभुवन नारायण सिंह ने 66 साल की उम्र में मुख्यमंत्री पद संभाला था। कमलापति त्रिपाठी जब मुख्यमंत्री बने थे तो उनकी उम्र 65 साल थी।

हेमवती नंदन बहुगुणा ने 54 साल की आयु में मुख्यमंत्री पद संभाला था। नारायण दत्त तिवारी जब पहली बार मुख्यमंत्री बने तो उनकी आयु पचास साल थी। वह इस पद पर तीन बार रहे हैं। रामनरेश यादव 49 साल की उम्र में मुख्यमंत्री चुने गए थे। बाबू बनारसी दास जब मुख्यमंत्री बने तो उनकी आयु 67 साल थी।

विश्वनाथ प्रताप सिंह ने 49 साल की उम्र में मुख्यमंत्री पद संभाला था। श्रीपति मिश्र 59 तो वीर बहादुर सिंह पचास साल की आयु में मुख्यमंत्री बने। सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव भी जब पहली बार मुख्यमंत्री बने तो उनकी आयु पचास साल थी।

कल्याण सिंह ने 59 साल की आयु में मुख्यमंत्री पद संभाला था। अखिलेश यादव से पहले बसपा अध्यक्ष मायावती सबसे कम उम्र की मुख्यमंत्री थीं। तीन जून 1995 को जब वह पहली बार मुख्यमंत्री बनी तो उनकी उम्र 39 साल थी। वह अकेली नेता हैं जो चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। राजनाथ सिंह 49 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बने थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें