फोटो गैलरी

नोएडा के भट्टा परसौली गांव में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की गिरफ्तारी के खिलाफ धरना देने का कांग्रेसियों का मंसूबा पूरा नहीं हो सका। गुरुवार को प्रस्तावित धरने से पहले ही नगर में तीन स्थानों से...

लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 13 May 2011 01:22 AM
ऐप पर पढ़ें

नोएडा के भट्टा परसौली गांव में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की गिरफ्तारी के खिलाफ धरना देने का कांग्रेसियों का मंसूबा पूरा नहीं हो सका। गुरुवार को प्रस्तावित धरने से पहले ही नगर में तीन स्थानों से सैकड़ों कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि पुलिस महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में घुस गई। इस पर भारी हंगामा हुआ।

मैदागिन पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। बाद में सभी कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन भेज दिया गया। चेतगंज और जैतपुरा से भी सैकड़ों कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई। कांग्रेस का दावा है कि कम से कम 500 कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए, जबकि पुलिस का दावा है कि सिर्फ 60 कांग्रेसियों को ही गिरफ्तार किया गया।

शाम करीब छह बजे सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। आरोप है कि महानगर कांग्रेस कार्यालय में घुसकर कोतवाली के थाना प्रभारी ने काफी बदसलूकी की।

विरोध करने पर गालियां दीं। बाद में जब कांग्रेसी जुलूस बनाकर मैदागिन की ओर बढ़ने लगे तो भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। यहां काफी तीखी झड़प हुई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार श्रीवास्तव का आरोप है कि एक कांग्रेस कार्यकर्ता को थाना प्रभारी ने एनकाउंटर करने की धमकी तक दे दी।

बाद में बसों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भरकर पुलिस लाइन ले जाया गया। उधर, चेतगंज में विधायक अजय राय को घर से निकलते ही कार्यकर्ताओं संग गिरफ्तार कर लिया गया। इस बीच कुछ कार्यकर्ता पुलिस की नजर से बचकर लहुराबीर स्थित आजाद पार्क पहुंच गए और वहां नारेबाजी की।

इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। जैतपुरा में भी जुलूस बनाकर आ रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस लाइन के आरआई देवीदयाल के मुताबिक कोतवाली से 20, चेतगंज से 25 और जैतपुरा से 15 कांग्रेसी गिरफ्तार किये गए।

गिरफ्तार किये गए प्रमुख नेताओं में पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, अजय राय, अनिल कुमार श्रीवास्तव, विजयशंकर पांडे, अवधेश सिंह, सतीश चौबे, धर्मेद्र सिंह, ललितेश पति त्रिपाठी, अनिल श्रीवास्तव अन्नू, बैजनाथ सिंह, सतीश राय, संजीव वर्मा, ओमप्रकाश छोटक, दयाशंकर मिश्र दयालू, जेपी सिंह, अनवारुल हक, सलमान बशर, साबिरा बेगम शामिल हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें