फोटो गैलरी

Hindi Newsशरद यादव ने ग्रेटर नोएडा के किसानों के समर्थन में गिरफ्तारी दी

शरद यादव ने ग्रेटर नोएडा के किसानों के समर्थन में गिरफ्तारी दी

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संयोजक एवं जनता दल (यू) के अध्यक्ष शरद यादव ने उत्तर प्रदेश के गेट्रर नोएडा में किसानों पर हुए अत्याचार एवं गोलीकांड के विरोध में आज अपने 200 कार्यकर्ताओं के साथ...

शरद यादव ने ग्रेटर नोएडा के किसानों के समर्थन में गिरफ्तारी दी
एजेंसीMon, 09 May 2011 07:17 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के संयोजक एवं जनता दल (यू) के अध्यक्ष शरद यादव ने उत्तर प्रदेश के गेट्रर नोएडा में किसानों पर हुए अत्याचार एवं गोलीकांड के विरोध में आज अपने 200 कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तारी दी।

यादव अपने समर्थकों तथा कार्यकर्ताओं के साथ करीब बारह बजे भट्ठा पारसौल जा रहे थे ताकि वहां किसानों पर हुए अत्याचार के खिलाफ वह अपनी आवाज बुलंद कर सके, पर दिल्ली नोएडा बार्डर पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ पार्टी के महासचिव के सी त्यागी भी थे। बाद में सभी को पुलिस ने रिहा कर दिया।
 
यादव ने इस घटना के बाद बताया कि वह वहां शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर अपनी बात कहना चाहते थे। किसानों का हाल चाल लेना तथा स्थिति का जायजा लेने जा रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें सीमा पर ही गिरफ्तार कर रोक लिया।
 
उन्होंने कहा कि अगर सरकार भूमि अधिग्रहण कानून पहले ले आती तो इतना बड़ा हंगामा ही नहीं खडा होता। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भू-माफिया मायावती सरकार के इशारे पर किसानों की सस्ती जमीनें हड़प रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसानों की जमीनें लूटने की होड़ मची है और सरकार मूक दर्शक बनी हुई है। अब तक 27 लाख एकड़ जमीन का अधिग्रहण हो चुका है।
 
यादव ने कहा कि गत 111 दिन से किसान आंदोलन कर रहे हैं लेकिन उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। उल्टे पुलिस उन पर ज्यादती कर रही है और उनकी पूरी फसल को आग लगा दी गई।
 
उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियों की सर्वदलीय बैठक बुलाकर इस समस्या का राजनीतिक हल निकाला जाना बहुत जरुरी है। यादव ने कहा कि अगर इस समस्या का हल नहीं निकाला गया तो स्थिति ओर विस्फोटक हो जाएगी क्योंकि आंदोलन अब पूरे उत्तर प्रदेश में फैलता जा रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें