फोटो गैलरी

Hindi Newsतरणताल में जलवे से पहले दिन ही बादशाह बना आस्ट्रेलिया

तरणताल में जलवे से पहले दिन ही बादशाह बना आस्ट्रेलिया

आस्ट्रेलिया ने तरणताल में धूम मचाने के अपने अभियान की सफल शुरुआत करते हुए 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के शुरुआती दिन सोमवार को चार स्वर्ण पदक के साथ तालिका में चोटी पर पहुंचकर इन खेलों में अपनी बादशाहत...

तरणताल में जलवे से पहले दिन ही बादशाह बना आस्ट्रेलिया
एजेंसीMon, 04 Oct 2010 10:20 PM
ऐप पर पढ़ें

आस्ट्रेलिया ने तरणताल में धूम मचाने के अपने अभियान की सफल शुरुआत करते हुए 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के शुरुआती दिन सोमवार को चार स्वर्ण पदक के साथ तालिका में चोटी पर पहुंचकर इन खेलों में अपनी बादशाहत बरकरार रखने का भी शानदार आगाज किया।

राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक अधिकतर अवसरों पर सर्वाधिक पदक जीतकर नंबर एक पर रहने वाले आस्ट्रेलिया ने तैराकी में तीन स्वर्ण सहित कुल पांच पदक जीते। इसके अलावा उसे जिम्नास्टिक में भी एक पदक मिला और पहले दिन वह चार स्वर्ण सहित छह पदक लेकर शीर्ष पर रहा। उसके अलावा कनाडा, दक्षिण अफ्रीका, नाईजीरिया और मलेशिया ने भी एक-एक स्वर्ण पदक हासिल किया।

आस्ट्रेलिया का तैराकी में दबदबा बनाए रखने की शुरुआत केली पामर ने की जिन्होंने इस बार इन खेलों में तरणताल में पहला स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने महिलाओं की 200 मीटर फ्रीस्टाइल में एक मिनट 57.50 सेकेंड का समय लेकर सोने का तमगा जीता। इस वर्ग में खिताब की प्रबल दावेदार इंग्लैंड की रेबेका एडलिंगटन को हालांकि कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। वेल्स की जाज कार्लिन को रजत पदक मिला।

आस्ट्रेलिया की एलिसिया कोटस ने महिला वर्ग की 200 मी व्यक्तिगत मेडले में हमवतन एमिली सीबोम के आठ स्वर्ण पदक हासिल करने की तमन्ना को तोड़ते हुए तीन मिनट 09:70 सेकेंड का समय लेकर सोने का पदक प्राप्त किया। स्ट्राटफोर्ड की रहने वाली जूलिया विलकिन्सन ने कनाडा को पहला कांस्य पदक दिलाया। आस्ट्रेलिया ने इसके अलावा चार गुणा 100 मीटर में भी सोने का तमगा हासिल किया जिसमें इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका को क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता।

कनाडा के रेयान कोचाराने ने आज यहां राष्ट्रमंडल खेलों की तैराकी में पुरुष वर्ग की 400 मी फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कनाडा को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। इस 21 वर्षीय तैराक ने तीन मिनट 48:48 सेकेंड का समय निकालकर आस्ट्रेलिया के रेयान नेपोलियन को पछाड़ दिया, जिन्होंने रजत पदक हासिल किया जबकि गत चैम्पियन स्काटलैंड के डेव करी ने कांस्य पदक जीता।

दक्षिण अफ्रीका के ले क्लोस ने पुरुष वर्ग की 200 मी बटरफ्लाई स्पर्धा में दुनिया के दूसरे नंबर के निक डीआर्से की अनुपस्थिति में इंग्लैंड के माइकल रॉक को पीछा छोड़ते हुए एक मिनट 56:48 सेकेंड का समय निकालकर खेलों का नया रिकार्ड बनाया। रॉक ने रजत जबकि कनाडा के स्टेफान रिहानियाक ने तीसरा स्थान हासिल किया।

उधर, भारोत्तोलन पर लगे दो स्वर्ण पदकों में से महिलाओं की 48 किग्रा में सत्रह वर्षीय किशोरी आगुस्टिना नवाओकोलो ने 175 किग्रा भार उठाकर इन खेलों का नया रिकार्ड बनाने के साथ नाईजीरिया को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। दूसरी तरफ मलेशिया के अमीरूल हमीजुल इब्राहीम ने पुरुषों के 55 किग्रा भार वर्ग में सोने का तमगा हासिल किया। इन दोनों वर्गों में रजत और कांस्य पदक भारतीयों ने जीते।

जिम्नास्टिक में भी आज एक स्वर्ण पदक दांव पर लगा था। पुरुषों की कलात्मक जिम्नास्टिक टीम स्पर्धा का यह स्वर्ण आस्ट्रेलियाई टीम ने जीता। इंग्लैंड को रजत और कनाडा को कांस्य पदक मिला।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें