फोटो गैलरी

Hindi Newsविश्व मीडिया में गूंजा भारत के राष्ट्रमंडल-खेलों का शानदार आगाज़

विश्व मीडिया में गूंजा भारत के राष्ट्रमंडल-खेलों का शानदार आगाज़

राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों को लेकर भारतीय व्यवस्था की खामियां निकालने वाली अंतराष्ट्रीय मीडिया ने रविवार को दुनियाभर को चकाचौंध कर देने दिल्ली में हुए इन खेलों के उद्घाटन समारोह के बाद भारत की...

विश्व मीडिया में गूंजा भारत के राष्ट्रमंडल-खेलों का शानदार आगाज़
एजेंसीMon, 04 Oct 2010 04:05 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों को लेकर भारतीय व्यवस्था की खामियां निकालने वाली अंतराष्ट्रीय मीडिया ने रविवार को दुनियाभर को चकाचौंध कर देने दिल्ली में हुए इन खेलों के उद्घाटन समारोह के बाद भारत की तारीफों के पुल बांधते हुए कहा कि भारत ने कर दिखाया।
       
भारत की कड़ी आलोचना करने वाले दो बड़े राष्ट्रमंडल देशों ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन के अखबारों ने जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में गत रात दो घंटे तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम को शीर्षक दिया एक प्राचीन देश ने अपने हृदय को पूरे विश्व के लिए खोल दिया, भारत ने उद्घाटन के अवसर पर विश्वभर के लिए अपने दरवाजे खोल दिए, भारत ने खेलों से जुड़े कलंक धो डाला।
        
ब्रिटेन के लोगों ने बीबीसी टेलीविज़न पर इस बेहद भव्य कार्यक्रम का भरपूर लुत्फ उठाया। ब्रिटेन के द गार्डियन ने टिप्पणी की कि भारत ने अपना सम्मान गर्व से ऊंचा किया। यह एक महान शो था। पत्र ने कहा कि यह पूरा आयोजन भारत के लिए गौरव का क्षण था जो कि तैयारियों को लेकर आलोचना के घेरे में आ गया था।
       
द डेली टेलीग्राफ ने सुर बदलते हुए कहा कि तमाम गतिरोधों के बाद भी पूरा कार्यक्रम बहुत ही शानदार तरीके संपन्न हुआ।

द डेली टेलीग्राफ ने लिखा कि आयोजन स्थल पर किसी भी चीज़ के गिरने की कोई घटना नहीं हुई और साउंड सिस्टम में कोई गड़बड़ी नहीं आई। आयोजन स्थल पर एक भी कुत्ता भटकते हुए दिखाई नहीं दिया। राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों में कई कमियां निकलकर सामने आई थी लेकिन भारत को पता था कि इसे कैसे संभालना है।
      
द डेली मेल ने भारत की प्रसंशा करने में कंजूसी दिखाते हुए लिखा कि भारत ने दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में सदियों पुरानी संस्कृति दिखाई। पत्र ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेल उद्घाटन समारोह की शुरूआत अदभुत रही लेकिन असली लड़ाई अभी आगे है।
      
मेल ने बताया कि विश्व भर के दो अरब टेलीविज़न सेट पर दर्शकों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा का आनंद लिया। इस दौरान जवाहर लाल नेहरू की एक भी परत नहीं गिरी। घपला करने वाले आयोजकों ने दावा किया था कि उद्घाटन की रात सब कुछ सामान्य रहेगा और उन्होंने यह साबित कर दिखाया।
      
राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन को लेकर आयोजकों पर बरसने वाली ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के सुर बदलते हुए दिखाई दिए। ऑस्ट्रेलियाई अखबार द डेली टेलिग्राफ ने कहा कि भारत ने शानदार उद्घाटन आयोजित करके अपना सर्वोत्तम चेहरा विश्व के समक्ष पेश किया। इस पूरे समारोह में वह सब कुछ था जिसका वादा आयोजकों ने किया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें