फोटो गैलरी

Hindi Newsफैक्ट्री की छत पर नाबालिग का शव

फैक्ट्री की छत पर नाबालिग का शव

ब्रेड फैक्ट्री की छत पर नाबालिग कर्मचारी का शव मिला। वह चार दिन से लापता था। उसके सिर पर चोट के निशान हैं। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव में कीड़े पड़ने से संभावना है कि कई दिन पहले मौत हुई...

फैक्ट्री की छत पर नाबालिग का शव
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 04 Oct 2010 01:06 AM
ऐप पर पढ़ें

ब्रेड फैक्ट्री की छत पर नाबालिग कर्मचारी का शव मिला। वह चार दिन से लापता था। उसके सिर पर चोट के निशान हैं। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव में कीड़े पड़ने से संभावना है कि कई दिन पहले मौत हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में है।

गोविंदनगर स्थित चार मंजिला राहत ब्रेड फैक्ट्री का कर्मचारी दिनेश रविवार सुबह छत पर बनी टंकी से पानी निकालने गया। बदबू आने पर इधर-उधर देखा तो उसे एक कोने में लोडर हेल्पर अजय पाण्डेय (16) का शव दिखा। दिनेश ने इसकी जानकारी फैक्ट्री मालिक मनोज सेंगर को दी।

मनोज की सूचना पर गोविंदनगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची। डाग स्क्वाएड टीम भी बुलाई गई। जासूसी कुत्ता थोड़ी दूर तक जाकर लौट आया। अजय के सिर के पास चोट के निशान हैं। उसके बाल भी जमीन से चिपक गए थे। शव में कीड़े पड़ गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गुजैनी निवासी अजय के पिता जयनारायण ने बताया कि सुबह पुलिस ने उनके घर आकर बेटे की मौत की जानकारी दी। अजय ब्रेड फैक्ट्री में काम करता था। वह अक्सर वहीं रह जाता था। चार दिन से उसका पता नहीं लग रहा था। उन्होंने पता भी किया, पर फैक्ट्री से किसी ने कुछ नहीं बताया। अजय के न मिलने से परिवार परेशान था। पिता को बेटे की हत्या की आशंका है।

हालांकि पुलिस का तर्क है कि अजय जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी भी कर सकता है। गोविंदनगर इंस्पेक्टर का कहना है कि शव कई दिन पुराना है। चोट के निशान स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें