फोटो गैलरी

Hindi Newsतैयार हो गई है मंत्रियों की सूचीः मुंडा

तैयार हो गई है मंत्रियों की सूचीः मुंडा

झारखंड में मंत्रिमंडल गठन में देरी को लेकर राज्यपाल की ओर से कथित तौर पर सरकार को दी गई हिदायत के बीच मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने रविवार को दावा किया कि मंत्रियों की सूची तैयार कर ली गई है और आगामी...

तैयार हो गई है मंत्रियों की सूचीः मुंडा
एजेंसीSun, 03 Oct 2010 08:26 PM
ऐप पर पढ़ें

झारखंड में मंत्रिमंडल गठन में देरी को लेकर राज्यपाल की ओर से कथित तौर पर सरकार को दी गई हिदायत के बीच मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने रविवार को दावा किया कि मंत्रियों की सूची तैयार कर ली गई है और आगामी आठ अक्टूबर को मंत्रिमंडल का पूर्ण गठन कर लिया जाएगा।

मुंडा ने कहा कि मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। यह पूछे जाने पर कि क्या इसमें भारतीय जनता पार्टी- झारखंड मुक्ति मोर्चा के गठबंधन वाली पिछली शिबू सरकार के मंत्रिमंडल के अलावा किसी नए चेहरे को भी जगह दी गई है, उन्होंने कहा कि मै राजभवन की गोपनीयता की कद्र करते हुए इस बात का खुलासा नहीं कर सकता।

इससे पहले सर्किट हाऊस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि उनके द्वारा पहले से घोषित आठ अक्टूबर की तिथि को पूर्ण विस्तार होगा यानी सभी खाली मंत्री पद भर दिए जाएंगे। ज्ञातव्य है कि मुंडा ने गत 11 सितंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ केवल सहयोगी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन और आजसू के सुदेश महतो ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।

राज्यपाल एमओएच फारूक ने मुंडा को कथित तौर पर एक पत्र लिख कर उन्हें आठ अक्टूबर तक मंत्रिमंडल विस्तार कर लेने अन्यथा इस संबंध में केंद्र सरकार को रिपोर्ट भेजने की ताकीद की है। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार राज्य में मंत्रियों की न्यूनतम और अधिकतम संख्या 12 ही हो सकती है।

मुंडा ने पूर्ण मंत्रिमंडल का गठन नहीं होने के कारण सरकारी कामकाज बाधित होने के विरोधियों के आरोपों को नकारते हुए कहा कि अब भी राज्य में मंत्रिमंडल है और वह काम कर रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें