गुजरात के गिरफ्तार पूर्व मंत्री अमित शाह अस्पताल में
बहुचर्चित सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ कांड में गिरफ्तार गुजरात के पूर्व मंत्री अमित शाह को बेचैनी की शिकायत के बाद बुधवार को नगर के सिटी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। साबरमती जेल के...
बहुचर्चित सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ कांड में गिरफ्तार गुजरात के पूर्व मंत्री अमित शाह को बेचैनी की शिकायत के बाद बुधवार को नगर के सिटी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
साबरमती जेल के अधिकारियों ने बताया कि पूर्व मंत्री को सिटी सिविल अस्पताल के जी-6 वार्ड में भर्ती कराया गया है। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के निकट सहयोगी शाह की न्यायिक हिरासत की अवधि की समाप्ति के बाद आज उनको वीडियो कान्फ्रेंसिंग सुविधा के माध्यम से विशेष सीबीआई अदालत के समक्ष पेश किया जाना था।
सीबीआई ने विशेष अदालत न्यायाधीश ए़ वाई दवे को सूचित किया कि चूंकि पूर्व मंत्री को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उन्हें अदालत के समक्ष पेश नहीं किया जा सकता। इसके बाद, न्यायाधीश दवे ने शाह की न्यायिक हिरासत की मीयाद 29 सितंबर तक के लिए बढ़ा दी। सीबीआई ने सोहराबुद्दीन शेख, उसकी पत्नी कौसर बी और तुलसी प्रजापति की हत्या के मामले में शाह को किंगपिन बताया है।