फोटो गैलरी

Hindi Newsयमुना में पानी बढ़ना जारी, कई इलाके जलमग्न

यमुना में पानी बढ़ना जारी, कई इलाके जलमग्न

दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि लगातार जारी है और शनिवार को यह बढ़कर खतरे के निशान से दो मीटर उपर पहुंच गया। इसके कारण कई निचले इलाकों के जलमग्न हो गए हैं हालांकि प्रशासन ने स्थिति को...

यमुना में पानी बढ़ना जारी, कई इलाके जलमग्न
एजेंसीSat, 11 Sep 2010 11:41 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि लगातार जारी है और शनिवार को यह बढ़कर खतरे के निशान से दो मीटर उपर पहुंच गया। इसके कारण कई निचले इलाकों के जलमग्न हो गए हैं हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
    
यमुना नदी के नजदीक स्थित गढ़ी मंडू, उस्मानपुर पुश्ता, जगतपुर गांव और शास्त्री नगर सहित कुछ निचले इलाके जलस्तर बढ़ने से जलमग्न हो गए हैं। अंतरराज्यीय बस अडडे (आईएसबीटी) के नजदीक स्थित क्षेत्र भी जलमग्न हो गए जिसके चलते हजारों लोगों को ऊंचे इलाकों में स्थित सरकार के राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है।
    
बाढ़ का पानी यमुना विहार, उस्मानपुर, मदनपुर, सोनिया विहार, निगमबोध, जैतपुर, तिब्बती मार्केट और यमुना बाजार जैसे इलाकों में भी घुस गया। यमुना के किनारे निचले इलाकों में रह रहे बहुत से लोग अपना सामान लेकर आईटीओ ब्रिज पर फुटपाथों पर आ गए हैं।

मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने शुक्रवार को लोगों से भयभीत न होने की अपील की थी और कहा था कि स्थिति से निपटने के लिए सभी ऐहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नदी में आज दोपहर 12 बजे तक पानी का स्तर बढ़कर 206.70 मीटर हो गया जो खतरे के निशान 204.83 मीटर से 1.87 मीटर उपर है।
   
अधिकारी ने बताया कि पानी का स्तर अभी और बढ़ेगा क्योंकि पड़ोसी हरियाणा की ओर से और पानी छोड़ा जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा था चिंता करने की कोई बात नहीं है। हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी ऐहतियाती कदम उठा रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है।

अधिकारियों ने कल निचले इलाकों में रह रहे बहुत से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। राहत कार्य में 74 नौकाएं और 68 गोताखोरों को भी लगाया गया है। राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल के 100 से अधिक कर्मी भी स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए तैनात किए गए हैं।

दूसरी ओर यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने से रेल यातायात पर भी बुरा असर पड़ा है। उत्तर रेलवे ने 25 ट्रेनें रद्द कर दी हैं और 36 अन्य के मार्ग में परिवर्तन किया है। जिन ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है उनमें कालका मेल, शहीद एक्सप्रेस, गरीब नवाज एक्सप्रेस, अवध असम एक्सप्रेस, शालीमार एक्सप्रेस और ब्रहमपुत्र मेल शामिल हैं। सत्याग्रह एक्सप्रेस, फरक्का और हावड़ा जनता एक्सप्रेस सहित 39 ट्रेनों को कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया है।

रेलवे सूत्रों ने बताया कि 3111 कोलकाता दिल्ली लालकिला एक्सप्रेस ट्रेन कुछ समय के लिए खुर्जा में निलंबित रहेगी और वापसी सेवा 3112 दिल्ली कोलकाता लालकिला एक्सप्रेस रेल यातायात के लिए ओल्ड यमुना ब्रिज के बंद होने के कारण खुर्जा से शुरू होगी। 3039 हावड़ा़-दिल्ली जनता एक्सप्रेस ट्रेन हाथरस से शुरू होगी। इसके अतिरिक्त 3483 माल्दा टाउऩ-दिल्ली फरक्का एक्सप्रेस कुछ समय के लिए टूंडला में निलंबित रहेगी और इसकी वापसी सेवा 3484 दिल्ली माल्दा टाउन-फरक्का एक्सप्रेस टूंडला से शुरू होगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें