फोटो गैलरी

Hindi Newsबुखार की चपेट में भारतीय साइकिलिस्ट

बुखार की चपेट में भारतीय साइकिलिस्ट

राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने के लिए अंतराष्ट्रीय स्तर की साइकिलों का बेसब्री से इंतजार कर रहे भारतीय साइकिलिस्टों की दिक्कतें कम होती हुई नजर नहीं आ रही हैं। दो खिलाड़ियों में डेंगू की पुष्टि होने...

बुखार की चपेट में भारतीय साइकिलिस्ट
एजेंसीSun, 05 Sep 2010 12:59 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने के लिए अंतराष्ट्रीय स्तर की साइकिलों का बेसब्री से इंतजार कर रहे भारतीय साइकिलिस्टों की दिक्कतें कम होती हुई नजर नहीं आ रही हैं। दो खिलाड़ियों में डेंगू की पुष्टि होने के बाद अब साइकिलिंग टीम पर बुखार का खतरा मंडरा रहा है।

दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 27 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की गई है जिसमें 18 पुरूष और नौ महिलाएं शामिल हैं। महिला वर्ग की प्रमुख खिलाड़ी रामेश्वरी देवी तेज बुखार से पीड़ित हैं और उनका इलाज चल रहा है। जल्द ही उनकी खून की जांच कराई जाएगी। फिलहाल वह करोलबाग स्थित होटल में टीम के साथ ही हैं।

साइकिलिंग के राष्ट्रीय कोच चयन चौधरी ने कहा कि रामेश्वरी देवी को बुखार हुआ है। दरअसल दिल्ली का मौसम इस समय ऐसा है जिसकी वजह से ये सब हो रहा है। वह जल्द ही ठीक हो जाएगी। कोर ग्रुप के लिए दो अन्य साइकिलिस्ट बिक्रम सिंह और रेणु बाला देवी भी हाल में तेज बुखार का शिकार हुए थे। तबीयत बिगड़ने की वजह से ही बिक्रम ने बीते रविवार को हुई टूर दी दिल्ली साइक्लोथन 2010 की रेस बीच में ही छोड़ दी थी।

डेंगू की आशंका के चलते इन दोनों साइकिलिस्टों के टेस्ट भी कराए गए लेकिन सभी टेस्ट निगेटिव पाए गए। बिक्रम और रेणु के स्वास्थ्य में अब सुधार है। चयन ने कहा कि बिक्रम और रेणु अब ठीक हैं और टीम के साथ अभ्यास में भाग ले रहे हैं।

गौरतलब है कि राष्ट्रमंडल खेलों के लिए कोर ग्रुप में शामिल सोमवीर और विनोद मलिक को डेंगू की पुष्टि होने के बाद हडकंप मच गया था। इनमें डेंगू शुरुआती स्तर पर पकड़ में आ गया था इसलिए उन्हें स्वास्थ्य लाभ जल्दी मिल गया लेकिन उनका कई दिनों तक जस्सा राम अस्पताल में इलाज चला। सोमवीर और विनोद अब अभ्यास के लिए टीम के साथ जुड़ चुके हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें