फोटो गैलरी

Hindi Newsग्रामीणों ने बंद किया चंडीगढ़-लुधियाना राजमार्ग

ग्रामीणों ने बंद किया चंडीगढ़-लुधियाना राजमार्ग

पंजाब में पुलिस की कथित निष्क्रियता के खिलाफ सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार को औद्योगिक शहर लुधियाना को चंडीगढ़ से जोड़ने वाले एक व्यस्ततम राष्ट्रीय राजमार्ग को तकरीबन पांच घंटे तक बंद कर रखा। घदुआं...

ग्रामीणों ने बंद किया चंडीगढ़-लुधियाना राजमार्ग
एजेंसीSat, 07 Aug 2010 04:15 PM
ऐप पर पढ़ें

पंजाब में पुलिस की कथित निष्क्रियता के खिलाफ सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार को औद्योगिक शहर लुधियाना को चंडीगढ़ से जोड़ने वाले एक व्यस्ततम राष्ट्रीय राजमार्ग को तकरीबन पांच घंटे तक बंद कर रखा।

घदुआं गांव के लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-95 को शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे बंद कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि गांव में एक महिला सहित तीन लोगों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था, जिन्हें पुलिस गिरफ्तार करने में असफल रही।

ग्रामीणों के बंद की वजह से राजमार्ग पर 10 किलोमीटर तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे कार, ट्रक और बसें फंसी रहीं। राजमार्ग को यातायात के लिए शनिवार तड़के खोला गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ''कुछ ग्रामीण प्रदर्शनकारियों ने राजमार्ग को बंद कर रखा था। उनका आरोप था कुछ शरारती तत्वों ने उन पर हमला किया था।''

घदुआं गांव के सरपंच सरबजीत सिंह ने कहा, ''पैतृक संपत्ति के विवाद को लेकर सावित्रि देवी और उनके दो बेटों पर उनके एक करीबी रिश्तेदार रविंदर सूद और दर्जनों बदमाशों ने शुक्रवार शाम को हमला कर दिया था।'' सिंह ने बताया, ''हमने जब सूद को रोका तो उन लोगों ने हम पर ही हमला कर दिया। हमने पुलिस को इसकी सूचना दी, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया। पुलिस बिना कोई कार्रवाई किए वापस लौट गई। इसके बाद हम लोगों ने राजमार्ग को जाम कर दिया।'' अधिकारी ने बताया, ''स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल को बुलाना पड़ा था। राजमार्ग पर यातायात का संचालन शुरू हो गया है।''

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें