फोटो गैलरी

Hindi Newsसरकार ने की राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा

सरकार ने की राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा

सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार की अधिकारिक घोषणा की जिसमें बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल को देश के सर्वोच्च राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार और 15 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया गया...

सरकार ने की राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा
एजेंसीThu, 05 Aug 2010 02:39 PM
ऐप पर पढ़ें

सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार की अधिकारिक घोषणा की जिसमें बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल को देश के सर्वोच्च राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार और 15 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया गया है।
     
यहां दी गई जानकारी के अनुसार तीन को ध्यानचंद पुरस्कार और पांच कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार तथा चार खेल संस्थाओं को पहली बार शुरू किए गए राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया है।
     
खिलाड़ियों का चयन दो चयनित पैनल ने किया, जिसमें प्रसिद्ध खिलाड़ी और खेल प्रशासक शामिल हैं। राजीव गांधी, अर्जुन, ध्यानचंद और खेल प्रोत्साहन पुरस्कार पीटी ऊषा की अगुवाई वाले पैनल ने किया जबकि द्रोणाचार्य पुरस्कार का चयन अशोक कुमार के नेतत्व वाले पैनल ने किया।
     
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार हासिल करने वाले खिलाड़ी को साढ़े सात लाख और अर्जुन, ध्यानचंद और द्रोणाचार्य पुरस्कार पाने वालों को अन्य सम्मान के साथ पांच-पांच लाख रूपया नकद दिया जाता है। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार वाली संस्था को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।
     
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल 29 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले समारोह में ये पुरस्कार प्रदान करेंगी।

पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ी इस प्रकार हैं।
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार : साइना नेहवाल (बैडमिंटन)
अर्जुन पुरस्कार :जोसफ इब्राहिम और कष्णा पूनिया (एथलेटिक्स), दिनेश कुमार (मुक्केबाजी), परिमार्जन नेगी (शतरंज), झूलन गोस्वामी (महिला क्रिकेट), दीपक कुमार मंडल (फुटबॉल), संदीप सिंह (पुरूष हॉकी), जसजीत कौर हांडा (महिला हॉकी), दिनेश कुमार (कबड्डी), संजीव राजपूत (निशानेबाजी), रेहान पोंचा (तैराकी), कपिल देव के जे (वॉलीबाल), राजीव तोमर (कुश्ती), राजेश चौधरी (नौकायान), जगसीर सिंह (परालंपिक एथलेटिक्स)
 
ध्यानचंद पुरस्कार : सतीश पिल्लई (एथलेटिक्स), कुलदीप सिंह (कुश्ती), अनिता चानू (भारोत्तोलन)
द्रोणाचार्य पुरसकार : ए के कुट्टी (एथलेटिक्स), सुभाष बी अग्रवाल (बिलियडर्स एवं स्नूकर), एल इबोमचा सिंह (मुक्केबाजी), अजय कुमार बंसल (हॉकी), कैप्टन चांदरूप (कुश्ती)
 
खेल प्रोत्साहन पुरस्कार : सेना खेल नियंत्रण बोर्ड को दो वर्गों में पुरस्कार दिया गया है जबकि दो अन्य वर्गों में टाटा स्टील लिमिटेड और खेल एंव युवा विभाग (मध्यप्रदेश) को पुरस्कार दिया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें