फोटो गैलरी

Hindi Newsगिल, कलमाड़ी और शीला को खेलों से तुरंत हटाएं: भाजपा

गिल, कलमाड़ी और शीला को खेलों से तुरंत हटाएं: भाजपा

भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रमंडल खेल परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में बड़े पैमानें पर भ्रष्टाचार को राष्ट्रीय शर्म करार देते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से खेल मंत्री एम एस गिल, खेल आयोजन समिति के...

गिल, कलमाड़ी और शीला को खेलों से तुरंत हटाएं: भाजपा
एजेंसीTue, 03 Aug 2010 05:53 PM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रमंडल खेल परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में बड़े पैमानें पर भ्रष्टाचार को राष्ट्रीय शर्म करार देते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से खेल मंत्री एम एस गिल, खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को खेलों से संबंधित प्रत्येक दायित्व से तुरन्त अलगकर गड़बडियों की केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है।

भाजपा के दिल्ली प्रभारी वेंकैया नायडू, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विजेन्द्र कुमार गुप्ता, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार मल्होत्रा और पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों पर श्वेत पत्र जारी करते हुए कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि खेलों का शानदार आयोजन हो लेकिन खेलों की तैयारियों के नाम पर जिस तरह से जनभावनाओं से खिलवाड़ और विश्वासघात किया गया है, उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नायडू ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों की परियोजनाओं में गड़बडियों के संबंध में पिछले काफी दिनों से जिस प्रकार मीडिया में खबरें आई हैं, उससे अंतर्राष्ट्रीय जगत में देश की प्रतिष्ठा को ठेस लगी है। देश के लोग चिंतित हैं कि सरकार को चाहिए कि वस्तुस्थिति को जनता के सामने लाए। भाजपा खेलों के आयोजन के कतई भी खिलाफ नहीं है लेकिन जिस प्रकार से जनता के धन का दुरुपयोग किया गया है, उसे लेकर खासी चिंता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं पूरी स्थिति की समीक्षा करें। केन्द्रीय मंत्रिमंडल सचिव के अलावा कुछ ऐसे लोग जिनकी विश्वसनीयता पर किसी प्रकार का सवाल नहीं है कि उन्हें खेल परियोजनाओं के निरीक्षण के लिए पर्यवेक्षक का काम सौंपा जाए। केन्द्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने जो आशंकाएं व्यक्त की हैं, उनकी जांच कराकर दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें