पुलिस भर्ती परीक्षा का परिणाम 20 अप्रैल तक
देश में अपनी तरह से पहली बार एक साथ 35 हजार सिपाहियों की भर्ती परीक्षा का परिणाम आगामी 20 अप्रैल तक आने की पूरी संभावना है। पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष पुलिस महानिदेशक वी.सी.गोयल ने...
देश में अपनी तरह से पहली बार एक साथ 35 हजार सिपाहियों की भर्ती परीक्षा का परिणाम आगामी 20 अप्रैल तक आने की पूरी संभावना है। पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष पुलिस महानिदेशक वी.सी.गोयल ने गुरुवार को बताया कि प्रदेश में करीब दो लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रस्तावित है। इसके प्रथम चरण में पिछले 28 मार्च को 35 हजार पुरुष और महिला आरक्षी के लिए लिखित परीक्षा कराई गई थी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा में करीब दो लाख 27 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए जिसमें 28 हजार लड़कियां हैं। उन्होंने बताया कि 20 प्रतिशत महिला सिपाहियों की भर्ती की जाएगी। जिसके लिए लिखित परीक्षा में कम से कम 35 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य होगा। इसके बाद मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
गोयल ने बताया कि चयन प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी रखा गया है। जिन अभ्यर्थियों ने अपनी लिखित परीक्षा दी हैं उनकी उत्तर पुस्तिका जांचने के बाद कम्प्यूटर पर स्केनिंग कर वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। कोई भी अभ्यर्थी देख सकेगा कि उसने कितने प्रश्न किए हैं और उत्तर कितने सही हैं। कोई भी अपनी शिकायत या आपत्ति एक सप्ताह के भीतर वह एतराज दर्ज करा सकता है। पिछले 28 मार्च को पुलिस भर्ती परीक्षा प्रदेश के 18 जोन में 410 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न कराई गई थी।