सरकार ने संकेत दिया कि बातचीत प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच विदेश सचिव स्तर की अगली वार्ता इस्लामाबाद में होगी।
भारत-अफ्रीका शिखर बैठक से इतर विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने कहा कि पाकिस्तान के विदेश सचिव वार्ता में शिरकत करने के लिए यहां आए थे। इसलिए अब भारत की विदेश सचिव के पाकिस्तान जाने की बारी है। इसलिए हमें चरण दर चरण आगे बढ़ना चाहिए। ऐसी अटकलें हैं कि दोनों पक्षों के बीच इस महीने के अंत तक यह वार्ता हो सकती है।
पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर अपनी भारतीय समकक्ष निरुपमा राव से बातचीत के लिए 24 फरवरी को भारत आए थे। इस दौरान भारतीय पक्ष ने साफ कर दिया था कि अपनी धरती से पनप रहे आतंकवाद को रोकने के लिए पाकिस्तान को पारदर्शी तरीके से कदम उठाने होंगे।
कृष्णा ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सद्भावना के तौर पर इस्लामाबाद के साथ विदेश सचिव स्तर पर वार्ता के लिए पहल की थी। अप्रैल में परमाणु सुरक्षा शिखर सम्मेलन से इतर सिंह के अपने पाकिस्तानी समकक्ष से वार्ता के बारे में सवाल पर कृष्णा ने कुछ भी नहीं कहा। उन्होंने कहा, कयास लगाते रहिए।
सम्मेलन में कृष्णा ने कहा कि अफ्रीका में मानव संसाधन और क्षमताओं के विकास के लिए भारत 19 संस्थाएं स्थापित करेगा। कृष्णा ने कहा कि 47 अफ्रीकी देशों के लिए नेटवर्किंग परियोजना है, जिसमें से आधे से अधिक पहले ही जुड़ चुके हैं और शेष को इसमें शामिल करने का प्रयास अभी जारी है।