फोटो गैलरी

Hindi Newsदेश की संप्रभुता का उल्लंघन कर रहा है अमेरिकाः चीन

देश की संप्रभुता का उल्लंघन कर रहा है अमेरिकाः चीन

अमेरिका पर दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के बीच गंभीर व्यवधान पैदा करने का आरोप लगाते हुए चीन ने कहा कि ताइवान को हथियार बेच कर और दलाई लामा की मेजबानी कर व्हाइट हाउस ने चीन की संप्रभुता का...

देश की संप्रभुता का उल्लंघन कर रहा है अमेरिकाः चीन
एजेंसीSun, 14 Mar 2010 04:45 PM
ऐप पर पढ़ें

अमेरिका पर दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के बीच गंभीर व्यवधान पैदा करने का आरोप लगाते हुए चीन ने कहा कि ताइवान को हथियार बेच कर और दलाई लामा की मेजबानी कर व्हाइट हाउस ने चीन की संप्रभुता का उल्लंघन किया है।

चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ ने कहा कि राष्ट्रपति बराक ओबामा और दूसरे अमेरिकी नेताओं की हाल की दलाई लामा के साथ बैठक और ताइवान को हथियारों की बिक्री ने चीन की संप्रभुता और क्षेत्रीय एकीकरण का उल्लंघन किया है।

आधिकारिक संवाद समिति शिन्हुआ ने वेन के हवाले से कहा कि इसने चीन-अमेरिका संबंधों में गंभीर व्यवधान पैदा किया है। इसकी जिम्मेदारी चीन की नहीं है। वेन ने कहा कि हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के पद संभालने के बाद दोनों देशों के बीच अच्छे संबंधों की शुरुआत हुई थी। वेन ने आशा जताई कि अमेरिका को दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने के लिए काम करना होगा।

उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण संबंध और आपसी विश्वास से दोनों पक्षों को फायदा होगा, जबकि संदेह और संघर्ष दोनों को नुकसान पहुंचाएगा। वेन ने कहा कि दोनों देशों को वार्ता के माध्यम से संबंधों, सहयोग और सहभागिता को बढ़ावा देना चाहिए।


वेन ने कहा कि चीन का विकास दूसरे देशों को प्रभावित नहीं करेगा और साम्यवादी देश हमेशा शांतिपूर्ण विकास के रास्ते पर चला है। वेन ने कहा कि चीन ने कभी आधिपत्य नहीं चाहा और आगे भी एक विकसित देश के रूप में वह ऐसा नहीं करेगा। हालांकि उन्होंने कहा कि चीन ने हमेशा से अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय एकीकरण सुरक्षित बनाए रखना चाहा, तब भी, जब वह गरीब देश था।

इन मांगों पर कि चीन को अंतरराष्ट्रीय मामलों में और जिम्मेदारियां उठानी चाहिए, वेन ने कहा कि वह अभी एक विकासशील देश है। वेन ने कहा कि हम वास्तव में अभी विकास के प्राथमिक चरण में हैं। उन्होंने कहा कि शंघाई और बीजिंग जैसे शहर पूरे चीन का प्रतिनिधित्व नहीं करते।

साथ ही वेन ने कहा कि चीन एक जिम्मेदार देश है और अंतरराष्ट्रीय सहयोग और दुनिया के बड़े राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों के समाधान में अहम भूमिका निभाता है। वेन ने कहा कि देश ने विकासशील देशों को बिना शर्त सहायता उपलब्ध कराई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें