फोटो गैलरी

Hindi Newsकर्फ्यू के 12वें दिन भी बरेली में तनाव

कर्फ्यू के 12वें दिन भी बरेली में तनाव

उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। शहर के पांच थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू जारी है। ताजा हिंसा भड़कने के बाद शुक्रवार रात को एक और थाना क्षेत्र सुभाषनगर में कर्फ्यू लगाया...

कर्फ्यू के 12वें दिन भी बरेली में तनाव
एजेंसीSat, 13 Mar 2010 03:26 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। शहर के पांच थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू जारी है। ताजा हिंसा भड़कने के बाद शुक्रवार रात को एक और थाना क्षेत्र सुभाषनगर में कर्फ्यू लगाया था।

बीते सप्ताह हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद शहर के चार थाना क्षेत्रों कोतवाली, प्रेमनगर, बारादरी और किला में पहले से ही कर्फ्यू लगा हुआ है। शनिवार को बरेली में कर्फ्यू का 12वां दिन है।

बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक राजीव सबरवाल ने शनिवार को आईएएनएस को बताया कि पुलिस हर घंटे हालात की समीक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति अभी भी तनावपूर्ण लेकिन काबू में है।
 
उन्होंने कहा कि कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में प्रशासन की तरफ से दूध, सब्जी और अनाज जैसी दैनिक उपभोग की चीजों की आपूर्ति की व्यवस्था कराई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कल शाम के बाद से कोई ताजा हिंसा नहीं हुई है। शुक्रवार शाम को सुभाषनगर इलाके में भड़की हिंसा में चार पुलिसकर्मियों सहित 15 लोग घायल हो गए थे।

बरेली परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में 18 पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी, सात उपनिरीक्षक, 265 आरक्षियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। पड़ाेसी जिले बदायूं और शाहजहांपुर से 1० थाना प्रभारी बुलाए गए हैं।

शुक्रवार को उपद्रवियों ने मुस्लिम धर्मगुरु व इत्तेहाद मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष तौफीक रजा खान की रिहाई के विरोध में कई सार्वजनिक वाहनों में आगजनी कर पुलिस पर जमकर पथराव किया था। पुलिस की तरफ से रबर बुलेट और आंसू गैस के गोले छोड़े गए थे।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक ताजा हिंसा का कारण मुस्लिम धर्मगुरू का रिहा होना है। उनकी रिहाई का एक समुदाय के लोग विरोध कर रहे थे। धर्मगुरू को भड़काऊ भाषण देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
 
गत दो मार्च को जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान शहर में दो समुदायों के बीच सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी, जिसके बाद लगातार तनाव बना हुआ है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें