फोटो गैलरी

Hindi Newsओलंपिक में भारतीय तीरंदाजों का रहा फ्लॉप शो

ओलंपिक में भारतीय तीरंदाजों का रहा फ्लॉप शो

विश्व रैंकिंग में नंबर एक दीपिका कुमारी की अगुवाई में पदक की उम्मीद माने जा रहे भारतीय तीरंदाजों के लिए लंदन ओलंपिक फ्लाप शो...

ओलंपिक में भारतीय तीरंदाजों का रहा फ्लॉप शो
Thu, 02 Aug 2012 05:40 PM
ऐप पर पढ़ें

विश्व रैंकिंग में नंबर एक दीपिका कुमारी की अगुवाई में पदक की उम्मीद माने जा रहे भारतीय तीरंदाजों के लिए लंदन ओलंपिक फ्लाप शो रहा। टीम और व्यक्तिगत दोनों स्पर्धाओं में भारत की झोली खाली रही।
 
जब से तीरंदाजी स्पर्धा क्रिकेट के मक्का लार्ड्स पर तीरंदाजी स्पर्धा होने की घोषणा हुई थी, इसे लेकर हाइप बननी शुरू हो गई थी। भारतीय टीम हालांकि उस ऐतिहासिक मैदान पर कोई कारनामा नहीं कर सकी जिस पर उसकी क्रिकेट टीम ने कई कामयाबियां हासिल की है। इसी मैदान पर भारत ने 1983 में क्रिकेट विश्व कप जीता था। खेल को लोकप्रिय बनाने का एक सुनहरा मौका दीपिका एंड कंपनी ने गंवा दिया।
 
पूरी तीरंदाजी टीम ने शर्मनाक प्रदर्शन किया। भारत के छह में से तीन तीरंदाज तो पहले दौर की बाधा भी पार नहीं कर सके। पहले ही दिन से इसकी शुरुआत हो गई जब पुरुष टीम रैंकिंग राउंड में आखिरी स्थान पर रही। महिला टीम नौवें स्थान पर थी।

जयंत तालुकदार, तरुणदीप राय और राहुल बनर्जी की टीम का कुल स्कोर 1969 था जबकि गत चैम्पियन कोरिया ने 2087 अंक के साथ विश्व रिकार्ड बनाया। दो साल पहले दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण जीतने वाली दीपिका की अगुवाई में महिला टीम 1938 अंक ही बना सकी। दक्षिण कोरिया 1993 अंक लेकर शीर्ष पर रही। भारतीय महिला तीरंदाजी टीम प्री क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क से हार गई।

दीपिका, बोंबायला देवी और चेकरोवोलु स्वुरो को डेनमार्क की टीम ने 211-210 से हराया। डेनमार्क टीम में लुइसे लौरसन, माजा जागेर और करीना क्रिस्टियनसेन शामिल थे। तीरंदाजों ने बीमारी के कारण अभ्यास नहीं मिल पाना खराब प्रदर्शन का कारण बताया। उन्होंने व्यक्तिगत वर्ग में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई थी लेकिन वहां भी फ्लाप शो रहा। सबसे ज्यादा निराशा दीपिका से हुई। व्यक्तिगत स्पर्धा में वह कभी भी फार्म में नहीं दिखी।

वह तीन सेटों में एक बार भी परफेक्ट 10 का स्कोर नहीं बना सकी। ब्रिटेन की एमी ओलिवर ने उसे हराया। वह 37वीं रैंकिंग वाली तीरंदाज से 6-2 से हार गई। दीपिका ने बाद में कहा कि तेज हवाओं के कारण वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी। स्वुरो को भी करीबी मुकाबले में अमेरिका की जेनिफर निकोलस ने मात दी।

सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बोंबायला का रहा जो प्री क्वार्टर फाइनल तक पहुंची। पुरुष वर्ग में सिर्फ राहुल बनर्जी दूसरे दौर में पहुंच सके जबकि जयंत तालुकदार और तरुणदीप राय पहली बाधा भी पार नहीं कर पाए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें