फोटो गैलरी

Hindi Newsमार्च 2012: चुनावों की हलचल और बजट का आगाज

मार्च 2012: चुनावों की हलचल और बजट का आगाज

वर्ष के तीसरे महीने मार्च में एक ओर जहां उत्तरप्रदेश, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों की हलचल...

मार्च 2012: चुनावों की हलचल और बजट का आगाज
Tue, 25 Dec 2012 06:09 PM
ऐप पर पढ़ें

वर्ष के तीसरे महीने मार्च में एक ओर जहां उत्तरप्रदेश, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों की हलचल रही, वहीं रेल बजट में यात्री किराया बढ़ाए जाने के विरोध में तृणमूल कांग्रेस ने अपने ही वरिष्ठ नेता और रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी को बर्खास्त करने की मांग कर सरकार को उलझन में डाल दिया। आखिरकार, त्रिवेदी को इस्तीफा देना पड़ा।

मार्च 2012 की मुख्य राष्ट्रीय घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार हैं:
नई दिल्ली (1 मार्च): उच्चतम न्यायालय ने गुजरात सरकार के इन आरोपों को खारिज किया कि मानवाधिकार के मुद्दे पर उसे चुनिंदा तरीके से निशाना बनाया जा रहा है और अन्य राज्यों में कथित मुठभेड़ के मामलों से निपटने के लिए यह तरीका नहीं अपनाया जाता।

नई दिल्ली (3 मार्च): लेफ्टिनेंट जनरल बिक्रम सिंह को सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह का उत्तराधिकारी बनाने का ऐलान।

नई दिल्ली (5 मार्च): रक्षा सौदे में कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए किए गए एक स्टिंग ऑपरेशन के 11 साल बाद सीबीआई की विशेष अदालत ने समता पार्टी की पूर्व प्रमुख जया जेटली तथा 2 अन्य के खिलाफ रिश्वत लेने तथा एक जाली समझौते को प्रभावित करने के लिए आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में सुनवाई के आदेश दिए।

नई दिल्ली (6 मार्च): मुलायम सिंह यादव की समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। पंजाब में अकाली भाजपा गठबंधन की सत्ता पर पकड़ बरकरार रही और गोवा में कांग्रेस को शिकस्त दे कर भाजपा सत्ता में आई, लेकिन मणिपुर में कांग्रेस का कब्जा बरकरार रहा। उत्तराखंड की 70 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 32 और सत्तारूढ़ भाजपा को 31 सीटें मिलीं।

नई दिल्ली (7 मार्च): ईरानी मीडिया के लिए काम करने का दावा करने वाले एक भारतीय फ्रीलांस पत्रकार को इस्राइली राजनयिक की कार पर हुए बम हमले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया।

नई दिल्ली (10 मार्च): मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित जल पुरुष राजेंद्र सिंह और 2 अन्य ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अगुवाई वाले राष्ट्रीय गंगा नदी बेसिन प्राधिकरण (एनजीआरबीए) से नदी के प्रति सरकार की उपेक्षा के विरोध में इस्तीफा दिया।

नई दिल्ली (12 मार्च): केंद्र ने उच्चतम न्यायालय को बताया कि वह पूर्व प्रधान न्यायाधीश केजी बालकृष्णन और उनके परिजनों के खिलाफ, उनके जज के तौर पर कार्यकाल के दौरान आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच कर रहा है।

देहरादून/नई दिल्ली (13 मार्च): कांग्रेस के विजय बहुगुणा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने।

कोलकाता (14 मार्च): रेल बजट पेश। यात्री किराया बढ़ाए जाने के विरोध में तृणमूल कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता और रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी को पद से हटाए जाने की मांग की।

लखनऊ (15 मार्च): सपा नेता अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

नई दिल्ली (16 मार्च): वर्ष 2012-13 के लिए बजट में आबकारी शुल्क और सेवा कर 2 फीसदी बढ़ाया।

नई दिल्ली/कोलकाता (18 मार्च): रेल मंत्री पद से दिनेश त्रिवेदी का इस्तीफा।

भुवनेश्वर/नई दिल्ली (18 मार्च): ओडिशा के गंजाम जिले से माओवादियों ने 2 इतालवी पर्यटकों का अपहरण किया और उनकी रिहाई के एवज में अपने खिलाफ अभियान बंद करने और जेल में बंद अपने साथियों की रिहाई की मांग की।

गांधीनगर (21 मार्च): कर्नाटक के बाद गुजरात में विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 2 विधायक अश्लील क्लिप देखते पकड़े गए।

नई दिल्ली (23 मार्च): उच्चतम न्यायालय ने बंबई उच्च न्यायालय के उस फैसले पर रोक लगाने से इंकार किया, जिसमें फिल्म निर्माता सुभाष घई के संस्थान को 20 एकड़ भूमि के आवंटन के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के खिलाफ टिप्पणियां की गई थीं।

नई दिल्ली (24 मार्च): यूएनएचसीआर में श्रीलंका के खिलाफ मतदान के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे को पत्र लिख कर सफाई दी कि भारत ने अमेरिका द्वारा प्रायोजित प्रस्ताव में संतुलन के तत्व शामिल करने के लिए हरसंभव कोशिश की और सफल हुआ।

भुवनेश्वर (25 मार्च): कंधमाल जिले से बंधक बनाए गए 2 इतालवी पर्यटकों में से एक क्लाउडियो कोलैंगेलो को माओवादियों ने रिहा किया।

नई दिल्ली (26 मार्च): सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह के कम स्तरीय (सब स्टैंडर्ड) रक्षा सौदे को अनुमति देने के एवज में स्वयं को 14 करोड़ रुपये की पेशकश दिए जाने के कथित खुलासे की रक्षा मंत्री ने सीबीआई जांच के आदेश दिए।

चंडीगढ़ (27 मार्च): पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या में संलिप्तता के लिए फांसी की सजा का सामना कर रहे बलवंत सिंह राजोआना को एक सत्र अदालत ने 31 मार्च को मृत्यु दंड देने का आदेश दिया। पंजाब सरकार ने कहा कि वह आदेश को चुनौती देगी।

नई दिल्ली (28 मार्च): सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल के समझ दया याचिका पेश की, जिसके बाद बब्बर खालसा के आतंकवादी बलवंत सिंह राजोआना की फांसी पर केंद्र ने रोक लगाई।

पटियाला (30 मार्च): पंजाब की मंत्री जागीर कौर को सीबीआई की एक अदालत ने 12 साल पहले उनकी बेटी हरप्रीत कौर की हत्या के मामले में उसका जबरन गर्भपात कराने, उसका अपहरण करने की साजिश रचने के जुर्म में 5 साल कैद की सजा सुनाई।

नई दिल्ली (31 मार्च): सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह ने सेवानिवत्त लेफ्टिनेंट जनरल तेजिंदर सिंह का नाम सीबीआई को दी अपनी शिकायत में लिया और उन्हें कम स्तर वाले करीब 600 ट्रकों की खरीद का एक सौदा मंजूर करने के एवज में खुद 14 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश करने वाला बताया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें