फोटो गैलरी

Hindi Newsमुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

महाराष्ट्र में राजधानी मुंबई सहित अधिकांश हिस्सों में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी भारी बारिश जारी है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ...

मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित
Fri, 12 Jul 2013 04:07 PM
ऐप पर पढ़ें

महाराष्ट्र में राजधानी मुंबई सहित अधिकांश हिस्सों में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी भारी बारिश जारी है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।

एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई में शुक्रवार सुबह से ही रेल एवं सड़क यातायात प्रभावित है, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। शहर में मध्य एवं पश्चिम रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर रेल पटरियों पर पानी भर गया है।

रेलगाड़ियां निर्धारित समय से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं, लेकिन अभी तक किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, पश्चिमोत्तर महाराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश की वजह से मुंबई-अहमदाबाद और मुंबई-नई दिल्ली मार्ग पर शुक्रवार सुबह से रेल यातायात बाधित है।

दक्षिण गुजरात के वलसाड में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखा गया है जहां रेल पटरियों पर दो फुट तक पानी भर गया, जिससे स्थानीय और लम्बी दूरी वाली रेलगाड़ियों का परिचालन बंद हो गया। एक रेलवे अधिकारी ने बताया कि जलस्तर कम होने तक दोनों दिशाओं (मुंबई-अहमदाबाद और मुंबई-नई दिल्ली मार्ग) में जाने वाली कई रेलगाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर नियंत्रित की जा रही हैं।

ठाणे जिले से सटे हुए इलाकों नाला सोपारा, मुंब्रा, ठाणे, दिवा और अन्य स्थानों पर रेल की पटरियों पर पानी जमा हो जाने से रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं। मुंबई और इसके उपनगरों के कई निचले इलाकों में जल भराव की स्थिति पैदा हो गई है जिससे यातायात बाधित हुआ है।

मौसम विभाग ने दोपहर 2.30 बजे के बाद 4.26 मीटर के समुद्री ज्वार उठने का अनुमान व्यक्त किया है एवं अधिकारियों के मुताबिक, बारिश जारी रहने पर स्थिति बिगड़ सकती है। मुंबई मौसम ब्यूरो के अनुसार, दक्षिण मुंबई में सुबह नौ बजे से एक सेंटीमीटर और उपनगरीय इलाकों में 1.62 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

मौसम ब्यूरो के निदेशक वीके राजीव ने कहा कि मुंबई, तटीय कोंकण और राज्य के अन्य हिस्सों में अगले दो दिनों में भारी बारिश की संभावना है। मानसून के सक्रिय होने के बाद से अब तक मुंबई में लगभग 55 फीसदी और उपनगरीय इलाकों में 47 फीसदी बारिश दर्ज की गई है।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें