वीसी शुक्ल की हालत स्थिर, मगर गंभीर: चिकित्सक
छत्तीसगढ़ में गत शनिवार को कांग्रेस के काफिले पर हुए नक्सली हमले में घायल हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विद्या चरण शुक्ल की हालत आज गंभीर मगर स्थिर...
छत्तीसगढ़ में गत शनिवार को कांग्रेस के काफिले पर हुए नक्सली हमले में घायल हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विद्या चरण शुक्ल की हालत आज गंभीर मगर स्थिर है।
मेदांता अस्पताल के अध्यक्ष डॉक्टर नरेश त्रेहान ने बताया कि 84 वर्षीय शुक्ल की हालत गंभीर है और उम्र अधिक होने के कारण उनके स्वास्थ्य सुधार में थोड़ा अधिक समय लगेगा।
त्रेहान ने कहा कि उनकी हालत गंभीर परंतु स्थिर है। वह कृत्रिम श्वसन प्रणाली (वेंटीलेटर) पर हैं और उनका डायलसिस हो रहा है। हम उनके शरीर से विषैले पदार्थों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। वह लंबे समय तक आईसीयू में रहेंगे। उनकी उम्र अधिक होने के कारण इलाज लंबे समय तक चलेगा। उन्होंने कहा कि उनकी आंत में चोट आई है और शरीर में जहरीले तत्व हैं।
त्रेहान ने कहा कि शुक्ल को तीन गोलियां लगी हैं। दो गोलियां उनके सीने में लगी हैं और एक गोली उनके पेट में लगी है। उनके शरीर में कुछ अंगों के टुकड़े हो गए हैं। हमने उनका ऑपरेशन किया है। ऐसे मामलों में अकसर गुर्दों पर दबाव पड़ता है।
मेदांता में क्रिटिकल केयर एवं अनेस्थिसियोलॉजी संस्थान के अध्यक्ष डॉक्टर यातिन मेहता ने कहा कि जब उम्र अधिक हो और आंत को नुकसान पहुंचा हो तो खून और पेट में कई जहरीले पदार्थ फैल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि हम जहरीले तत्वों को हटाने के लिए उच्च क्षमता वाले एंटीबायोटिक्स और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उपचार चल रहा है लेकिन इसका असर होने में समय लगता है। हमें उम्मीद है कि शुक्ल के स्वास्थ्य में सुधार होगा।
त्रेहन ने कहा कि शुक्ल के शरीर से जहरीले तत्वों को हटाने के लिए विशेष फिल्टर इस्तेमाल किए जा रहे हैं। शुक्ल को कल हवाई मार्ग के जरिए रायपुर से गुडगांव स्थित मेदांता अस्पताल लाया गया था।
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में गत शनिवार को माओवादियों ने कांग्रेस नेताओं के काफिले पर घात लगाकर हमला कर दिया था जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेन्द्र कर्मा सहित 29 लोग मारे गए और शुक्ल एवं 31 अन्य लोग जख्मी हो गए।