केरल में पटाखा कारखाने में लगी आग, पांच मरे
पलक्कड़ जिले के पन्नियनकुरिस्सी स्थित पटाखा बनाने वाले कारखाने में शनिवार को आग लग गयी। इस आग में झुलस कर पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग बुरी तरह घायल हो गए...
पलक्कड़ जिले के पन्नियनकुरिस्सी स्थित पटाखा बनाने वाले कारखाने में शनिवार को आग लग गयी। इस आग में झुलस कर पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं।
इस हादसे के शिकार हुए सभी लोग इसी कारखाने के कर्मचारी थे। हादसे में घायल हुए लोगों को नजदीक के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पटाखा बनाने वाले इस लाइसेंसधारी कारखाने में कर्मचारी गर्मियों के दौरान यहां के मंदिरों में मनाये जाने वाले उत्सव के लिए पटाखे बना रहे थे। पुलिस एवं अग्निशमन दल ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों के शवों को मलबे से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने तेज धमाके के साथ कारखाने की छत से आग की लपटें उठती देखी। पुलिस के मुताबिक, दो शवों की पहचान हो गयी है।