2014 के बाद अफगानिस्तान में रहेंगे नाटो के 12,000 सैनिक
नाटो 2014 के बाद अफगानिस्तान में 8,000 से 12,000 सैनिक ही रखने पर विचार कर रहा है। यह जानकारी अफगानिस्तान के रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को...
नाटो 2014 के बाद अफगानिस्तान में 8,000 से 12,000 सैनिक ही रखने पर विचार कर रहा है। यह जानकारी अफगानिस्तान के रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को दी।
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक नाटो के रक्षा मंत्रियों की ब्रसेल्स में हुई बैठक के बाद बिस्मुल्लाह खान मोहम्मदी ने पत्रकारों को बताया कि इस योजना पर अभी विस्तृत चर्चा जारी है।
अमेरिका के रक्षा सचिव लियोन पेनेटा ने सैनिकों की संख्या पर विचार-विमर्श की बात से इनकार किया है लेकिन उन्होंने इसमें नाटो के अन्य सदस्यों व अमेरिका के जवान शामिल होने की बात पर जोर दिया है।
उनका यह बयान जर्मनी के रक्षा मंत्री थॉमस डी मैजीरी के उस बयान के बाद आया जिसमें उन्होंने अमेरिका के अफगानिस्तान में 2014 के बाद 12,000 सैनिकों को रखे जाने के लक्ष्य की बात की थी।
पेनेटा के प्रवक्ता जार्ज लिटिल ने कहा कि यह खबर सही नहीं है कि अमेरिका ने अपने सहयोगियों से अफगानिस्तान में 2014 के बाद आठ से 12 हजार अमेरिकी सैनिकों को रखे जाने की बात की है। उनके मुताबिक यह संख्या नाटो की है न कि अमेरिका की।
2014 के बाद शेष सैनिक अफगानिस्तान की सेना को प्रशिक्षण देने का काम करेंगे। नाटो के नेतृत्व वाले अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा सहायता बल के लगभग 1,00,000 सैनिक अफगानिस्तान में तैनात हैं, जिनकी संख्या शुरुआत में 1,40,000 थी। अमेरिका ने इस साल अपने 50 फीसदी सैनिक स्वदेश बुलाने की योजना बनाई है।