फोटो गैलरी

Hindi Newsभ्रष्टाचार में आकंठ डूबा है विपक्ष: कांग्रेस

भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा है विपक्ष: कांग्रेस

भ्रष्टाचार के एक के बाद एक कई आरोपों से घिरी कांग्रेस ने रविवार को विपक्ष और खासतौर पर भाजपा पर जवाबी हमला बोलते हुए कहा कि वह भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी...

भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा है विपक्ष: कांग्रेस
Sun, 04 Nov 2012 08:55 PM
ऐप पर पढ़ें

भ्रष्टाचार के एक के बाद एक कई आरोपों से घिरी कांग्रेस ने रविवार को विपक्ष और खासतौर पर भाजपा पर जवाबी हमला बोलते हुए कहा कि वह भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी है। पार्टी ने इस बात का स्पष्ट संकेत दिया कि संप्रग सरकार खुदरा कारोबार में एफडीआई को लागू करने के फैसले पर आगे बढ़ेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राहुल गांधी समेत पार्टी के आला नेताओं ने पार्टी की आज यहां आयोजित विशाल रैली का इस्तेमाल यह संदेश देने के लिए किया कि विपक्ष के हमले के बावजूद पार्टी आर्थिक सुधार और ईंधन की कीमत में हाल में की गई वद्धि संबंधी फैसलों पर आगे बढ़ने को तैयार है। इस अवसर पर कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य नेता भी मौजूद थे।

एफडीआई के मुद्दे पर कांग्रेस और सरकार के दोबारा सोचने के बारे में किसी भी धारणा को खारिज करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि देश को आर्थिक वृद्धि और रोजगार को प्रोत्साहन देने के लिए निवेश की बड़ी खुराक की आवश्यकता है। एफडीआई उसका हिस्सा है।
 जब दुनिया आर्थिक विपत्ति झेल रही थी उस वक्त प्रधानमंत्री के प्रबंधन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने अन्य देशों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया और सरकार को हर साल रोजगार के बाजार में प्रवेश कर रहे 80 से 100 लाख युवकों को रोजगार प्रदान करना है।

कई घोटालों के कारण कांग्रेस पर हो रहे हमलों के संदर्भ में सोनिया ने कहा कि भ्रष्टाचार कैंसर है जो सबसे अधिक गरीबों को प्रभावित करता है और उन्होंने घोषणा की कि जो भी दोषी पाया जाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा पर परोक्ष तौर पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस पर झूठे आरोप लगा रहे हैं वे खुद भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हैं।

उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी समेत भाजपा के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का वस्तुत: उल्लेख करते हुए हिंदी के एक मुहावरे का इस्तेमाल करते हुए कहा, जो लोग दूसरों के लिए गड्ढा खोदते हैं उनके लिए कुआं तैयार रहता है। पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए आरटीआई कानून बनाने का श्रेय लेते हुए सोनिया ने कहा कि इस तरह का कानून सिर्फ वही लोग ला सकते हैं जो भ्रष्टाचार का उन्मूलन चाहते हैं। यही कारण था कि सरकार लोकपाल विधेयक लेकर आई लेकिन भाजपा ने इसे राज्यसभा में पारित नहीं होने दिया।

विपक्ष पर लोकतंत्र के आधार को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए सोनिया ने कहा कि हमारी अंतरात्मा साफ है, रिकार्ड साफ और इरादे नेक हैं। कांग्रेस को रक्षात्मक होने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग भी दो बार चुनी गई सरकार के खिलाफ आरोप लगा रहे हैं, वे येन केन प्रकारेण इसे कमजोर बनाना चाहते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे लगातार संसद में कामकाज को बाधित कर रहे है। क्यों इसका जवाब साफ है कि ये लोग नहीं चाहते हैं कि जनता के कल्याण के लिए कानून बने। वे राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर भी चर्चा करना नहीं चाहते हैं। इसी प्रकार के विचार व्यक्त करते हुए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष बिना सोचे समक्षे सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का विरोध कर रही है।

उन्होंने कहा कि वे बिना सोचे-विचारे केवल विरोध करने के लिए विरोध कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि बहु ब्रांड खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) से किसानों को फायदा होगा। उन्होंने भाजपा को याद दिलाया कि जब कांग्रेस विपक्ष में थी तब कारगिल संघर्ष के दौरान पार्टी ने राजग का पूरा समर्थन किया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें