फोटो गैलरी

Hindi Newsसोनिया ने उठाए भ्रष्टाचार के आरोपों पर सवाल

सोनिया ने उठाए भ्रष्टाचार के आरोपों पर सवाल

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि इन आरोपों के सच-झूठ को अच्छी तरह समझने की...

सोनिया ने उठाए भ्रष्टाचार के आरोपों पर सवाल
Sun, 04 Nov 2012 03:36 PM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि इन आरोपों के सच-झूठ को अच्छी तरह समझने की आवश्यकता है।

सोनिया ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के समर्थन में यहां आयोजित पार्टी की एक रैली में कहा कि विपक्ष, सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई आरोप लगा रहा है। इन आरोपों में सच और झूठ को अच्छी तरह समझने की जरूरत है।

सोनिया ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की उपस्थिति में कहा कि मैं मानती हूं कि भ्रष्टाचार एक कैंसर है..एक बीमारी है, लेकिन हमने इसके पहले इस बीमारी से लड़ाई लड़ी है और अपनी पूरी ताकत के साथ इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा कि हम अपने खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के सभी आरोपों से लड़ेंगे और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने परोक्षरूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन गडकरी पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार की बात कर रहे हैं वे खुद भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं।

सोनिया ने विपक्ष पर लोकतांत्रिक संस्थानों और देश की बुनियाद को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने प्रमुख विधेयकों को पारित नहीं होने दिया और संसद में मुद्दों पर चर्चा नहीं होने दी।

सोनिया ने कहा कि कांग्रेस उन्हें उनकी कोशिश में कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है, जिसने हमेशा देश हित की रक्षा की है। सोनिया ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस आम आदमी, कमजोर वर्गों, गरीबों और किसानों की पार्टी है। देश की कोई भी पार्टी धर्मनिरपेक्षता के मामले में इसका मुकाबला नहीं कर सकती।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मतदाताओं ने 2004 और 2009 में कांग्रेस पर भरोसा जताया। कुछ पार्टियों को यह बात आज तक हजम नहीं हो पाई है। आगामी चुनावों में हम फिर अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें