फोटो गैलरी

Hindi Newsसमाचार चैनल के पत्रकार की भूमिका अनैतिक: गोगोई

समाचार चैनल के पत्रकार की भूमिका अनैतिक: गोगोई

असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने सोमवार को कहा कि शहर के एक पब के बाहर एक लड़की पर हमले के मामले में स्थानीय समाचार चैनल के पत्रकार की भूमिका अनैतिक है।     एक आरटीआई कार्यकर्ता अखिल...

समाचार चैनल के पत्रकार की भूमिका अनैतिक: गोगोई
एजेंसीMon, 16 Jul 2012 03:23 PM
ऐप पर पढ़ें

असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने सोमवार को कहा कि शहर के एक पब के बाहर एक लड़की पर हमले के मामले में स्थानीय समाचार चैनल के पत्रकार की भूमिका अनैतिक है।
   
एक आरटीआई कार्यकर्ता अखिल गोगोई ने भी इस पत्रकार पर, लड़की पर हमले के लिए भीड़ को उकसाने का आरोप लगाया है।
   
गोगोई ने पांच दिवसीय मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा के बाहर संवाददाताओं से कहा कि यह अनैतिक पत्रकारिता का मामला है। उसके पेशेवर दायित्व के तहत घटना को शूट करना सही था, लेकिन एक सामाजिक दायित्व के तहत पत्रकार को चाहिए था कि वह पुलिस को सूचित करता।
   
मुख्यमंत्री ने कहा मीडिया सरकार और खास कर पुलिस पर दोष मढ़ता है, लेकिन समाज में पत्रकारों की भी जवाबदेह भूमिका होती है और इस विशेष मामले में वह नाकाम रहे हैं।
   
उन्होंने कहा कि नौ जुलाई को जीएस रोड पर असामाजिक तत्वों ने जिस लड़की से छेड़छाड़ की, वह उस लड़की से मिलने के लिए तैयार हैं और उसकी मदद सुनिश्चित करना चाहते हैं।
   
यह पूछे जाने पर कि उन्होंने राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्यों से मुलाकात क्यों नहीं की, गोगोई ने कहा कि उनकी (राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्यों की) जिम्मेदारी मुख्यमंत्री से मिलने की थी, लेकिन मैं नहीं समझ पाया कि मुलाकात क्यों नहीं हुई। मैं उनसे मिलने को तैयार था।
   
गोगोई ने कहा कि गृह मंत्री होने के नाते मैं मानता हूं कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ हम कठोर कदम उठाएंगे।
   
उन्होंने माना कि राज्य में हाल ही में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं केवल असम में ही नहीं बल्कि दिल्ली मुंबई सहित देश में हर जगह बढ़ी हैं।
   
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य में अपराध की स्थिति के विश्लेषण के लिए मैंने टाटा इन्स्टीटयूट ऑफ सोशल साइंसेज से आंकड़े मांगे हैं और उसके अनुसार कदम उठाए जाएंगे।
   
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पुलिस बल में कमी की वजह से उसकी ओर से भी चूक हुई हैं। बहरहाल उन्होंने पुलिस पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि सभी दोषियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें