फोटो गैलरी

Hindi Newsवीसी को ददई की धमकी, पलामू से खदेड़ देंगे

वीसी को ददई की धमकी, पलामू से खदेड़ देंगे

विश्रामपुर के कांग्रेसी विधायक चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे ने मंगलवार को नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ फिरोज अहमद को पलामू से खदेड़ देने की धमकी...

वीसी को ददई की धमकी, पलामू से खदेड़ देंगे
Tue, 03 Apr 2012 10:28 PM
ऐप पर पढ़ें

विश्रामपुर के कांग्रेसी विधायक चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे ने मंगलवार को नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ फिरोज अहमद को पलामू से खदेड़ देने की धमकी दी।

रेहला के संत तुलसी दास कॉलेज के शासी निकाय के सदस्य के रूप में नामित नहीं किए जाने से गुस्साए विधायक अपने समर्थकों के साथ कुलपति के चैंबर में घुस गए और असंसदीय शब्दों का प्रयोग करते हुए डॉ अहमद को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

जब वीसी के बॉडीगार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो विधायक ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की की। घटना से आहत डॉ अहमद ने पूरे घटना क्रम की जानकारी से कुलाधिपति डॉ सैयद अहमद को दे दी है। साथ ही उच्च शिक्षा विभाग को भी पत्र लिखा है।

डॉ अहमद ने मीडिया को बताया कि विधायक सदस्य मनोनीत नहीं होने से आक्रोशित हैं। वह कॉलेज के प्राचार्य संतोष कुमार मिश्र को हटाने और नंदलाल शुक्ला को प्राचार्य बनाने का दबाव डाल रहे हैं।

घटना के बाद वीसी चैंबर में विवि अधिकारियों ने बैठक की। उसमें प्रस्ताव पारित कर कहा गया कि इस तरह के माहौल में कैसे काम होगा। विवि लगातार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर करने का प्रयास कर रहा है।

मैं इस घटना से आहत हूं। विधायक ने मुङो पलामू छोड़ने की धमकी दी और अंगरक्षक से धक्का-मुक्की की। किसी विधायक अथवा विश्वविद्यालय को भी संबद्ध कॉलेज में प्राचार्य नियुक्त करने का अधिकार नहीं है। चुने हुए जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह का कार्य शोभनीय नहीं है।
डॉ फिरोज अहमद, वीसी

नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति पर कई गंभीर आरोप हैं। वह इस पद पर रहने के योग्य नहीं हैं। पलामू में उनके रहने का भी कोई औचित्य नहीं है। पढ़ने-पढ़ाने से दूर रहने वाले तत्वों के साथ संबंध रख कर वह विवि चलाने का प्रयास कर रहे हैं। मैं ऐसा कतई नहीं होने दूंगा। कुलाधिपति से मिलकर बात करेंगे। उन्हें हटाने में ज्यादा देर नहीं लगेगी।
चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे, विधायक

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें