फोटो गैलरी

Hindi Newsपाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में मेंधर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर बुधवार रात अकारण गोलीबारी की। भारतीय सेना ने इसे संघर्ष विराम का उल्लंघन बताया...

पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
Thu, 22 Mar 2012 02:45 PM
ऐप पर पढ़ें

पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में मेंधर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर बुधवार रात अकारण गोलीबारी की। भारतीय सेना ने इसे संघर्ष विराम का एक और उल्लंघन बताया है।

सेना के एक अधिकारी ने कहा कि पिछली रात पाकिस्तान की तरफ से मेंधर सेक्टर में भारतीय चौकियों पर अकारण गोलीबारी की गई। हमने भी जवाबी कार्रवाई की और इस तरह एक घंटे तक गोलीबारी हुई।

इस गोलीबारी में भारतीय पक्ष की तरफ कोई हताहत नहीं हुआ है। सैन्य अधिकारी ने कहा कि आतंकवादियों को घुसपैठ कराने के लिए यह गोलीबारी की गई थी। यह संघर्ष विराम के उल्लंघन का एक और मामला है।

ज्ञात हो कि भारत और पाकिस्तान नवम्बर 2003 में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम के लिए सहमत हुए थे। अधिकारी ने कहा कि सेना यह पता करने के लिए तलाशी अभियान चला रही है कि कहीं कोई आतंकवादी घुसपैठ में सफल तो नहीं हो गया है।

पाकिस्तान 2006 से लेकर अबतक 250 से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुका है। संघर्ष विराम के इन उल्लंघनों में भारतीय पक्ष के 10 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी मारे जा चुके हैं और 59 अन्य घायल हो चुके हैं।

अधिकारी ने कहा कि नियंत्रण रेखा पर 2003 से 2006 तक छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांति रही। अधिकारी ने कहा कि संघर्ष विराम के ज्यादातर उल्लंघन कश्मीर घाटी के कुपवाड़ा व बारामूला के अलावा जम्मू क्षेत्र में पुंछ जिले में हुए हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें