फोटो गैलरी

Hindi Newsसपा नेत्री शम्मी कोहली को शूटरों ने गोलियों से भूना

सपा नेत्री शम्मी कोहली को शूटरों ने गोलियों से भूना

आगरा की सपा नेत्री शम्मी कोहली की सोमवार देर रात रमाबाईनगर में बस के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह आगरा से लखनऊ जा रही...

सपा नेत्री शम्मी कोहली को शूटरों ने गोलियों से भूना
Tue, 13 Mar 2012 11:38 PM
ऐप पर पढ़ें

आगरा की सपा नेत्री शम्मी कोहली की सोमवार देर रात रमाबाईनगर में बस के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह आगरा से लखनऊ जा रही थीं। उनका शव राजकीय परिवहन निगम की बस ‘रॉयल क्रूजर’ में पाया गया। उन्हें 4 गोलियां मारी गईं। 3 गोलियां पेट में और एक सिर में लगी है।

हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग सका, मगर कहा जा रहा है कि एक पुराने मामले की रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। सूचना पर पहुंचे बेटे नितिन ने अपने भाई की पत्नी और उसके दोस्त समेत तीन लोगों के खिलाफ सिकंदरा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

आगरा के कमला नगर इलाके की रहने वाली शम्मी कोहली (46) सोमवार रात करीब पौने 11 बजे आगरा से राजकीय परिवहन निगम की बस रॉयल क्रूजर में सवार होकर लखनऊ के लिए चलीं। इसके लिए उन्होंने बस की सीट संख्या 23 व 24 की बुकिंग कराई थी।

औरैया से निकलने के बाद रात करीब डेढ़ बजे बस सिकंदरा के कंचन ढाबे के पास रुकी। चाय-पान को कुछ मुसाफिर नीचे उतरे। इस बीच गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो लोग बस की तरफ दौड़े। भीतर सो रहे मुसाफिरों की भी नींद खुल गई। देखा तो साइड सीट पर सो रही शम्मी का शव खून से लतपथ पड़ा था।

पेट में तीन और सिर में गोली का एक निशान दिख रहा था। कुछ सवारियों ने वारदात के बाद दो युवकों को भागते देखा। होटल के लोगों ने सिकंदरा थाने को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। बस सवारों और उसके स्टाफ से घटना के बाबत जानकारी हासिल की।

ज्यादातर लोगों ने बताया कि घटना के समय वह सो रहे थे। चाय पीने उतरे लोगों का कहना था कि फायर की आवाज सुनकर गाड़ी पर चढ़े, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। गाड़ी में दो ड्राइवर मनोज शर्मा, जय शंकर अग्निहोत्री और कंडक्टर केपी यादव थे।

यह लोग भी घटना के बारे में खास जानकारी नहीं दे सके। कंडक्टर केपी यादव ने बताया कि आगरा से 35 सवारियां चलीं थीं। यहां पुलिस ने भी 35 ही गिनी हैं। दूसरी तरफ, पुलिस का मानना है कि सवारियों में से कोई न कोई ऐसा शख्स जरूर रहा होगा, जो पीछे चल रहे बाकी साथियों को बस की ‘लोकेशन’ दे रहा था।

वारदात की सूचना पर यहां पहुंचे बेटे नितिन कोहली के मुताबिक शम्मी अक्सर लखनऊ आती-जाती थीं। सहूलियत के लिए वह हमेशा दो सीटें ही बुक कराती थीं। नितिन ने बताया कि मां को बस में छोड़ कर वह घर लौटे और फिर सो गए। रात करीब डेढ़ बजे उन्हें घटना के बारे में जानकारी मिली।

नितिन ने सिकंदरा थाने में तीन लोगों को खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें भाई सुमित की पत्नी प्रीती उसके मित्र नितिन गुप्ता और मोहित भारद्वाज के नाम हैं। घटना के कारणों के बारे में उन्होंने खुलकर कुछ भी नहीं बताया।

सूत्रों का कहना है कि घटना के पीछे दो पुराने मामले रहे। अदालत में चल रहे एक मामले की सुनवाई कल आगरा में थी। इस दौरान शम्मी की किसी से कहा-सुनी हुई थी। समझा जाता है कि इसी सिलसिले में बात करने के लिए सपा नेता शिवपाल सिंह से मिलने वह लखनऊ जा रहीं थीं।

रमाबाईनगर के पुलिस अधीक्षक डॉ. सुभाष दुबे ने बताया, सिकंदरा से पहले बस के कहीं और रुकने की जानकारी नहीं मिली है। यहां रुकी तो घटना हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के बाबत अहम जानकारियां मिली हैं। आगरा के डीआईजी से भी चर्चा हुई है। हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें