फोटो गैलरी

Hindi Newsफागुनी दास्तानगोई की लंतरानियां

फागुनी दास्तानगोई की लंतरानियां

एक दफा अकबर ने बीरबल से पूछा कि हमारे राज में कोई दुखी तो नहीं है। बीरबल बोले कि नहीं हुजूर, यहां तो सब महंगाई से त्रस्त...

फागुनी दास्तानगोई की लंतरानियां
Fri, 02 Mar 2012 10:07 PM
ऐप पर पढ़ें

एक दफा अकबर ने बीरबल से पूछा कि हमारे राज में कोई दुखी तो नहीं है। बीरबल बोले कि नहीं हुजूर, यहां तो सब महंगाई से त्रस्त हैं। आपका यश भ्रष्टाचार की तरह फैल रहा है। आपकी शोहरत तो समुद्र तक में नहीं समा सकती। अपयश है भी, तो बस भोजन में नमक की तरह। अकबर बोले- लेकिन मुङो लगता है कि तुम झूठ बोल रहे हो। बीरबल ने कहा- मैं वकील भी तो हूं हुजूर। आप सवाल करिए।

अकबर- ये बताओ, चिंता से मुक्त कौन होता है? बीरबल- बचपन। अकबर- जनता किस पर मोहित होती है? बीरबल- सरकारी वायदों पर। अकबर- सबसे मीठा क्या है? बीरबल- परनिंदा जहांपनाह। अकबर- सबसे प्यारी चीज क्या है? बीरबल- नींद, हुजूर। अकबर- और सबसे सुंदर कौन है? बीरबल- पड़ोसन, बंदा-परवर। अकबर- सबसे बड़ा सच क्या है? बीरबल- दुख। अकबर- और दुख का कारण क्या है? बीरबल- सुख। अकबर- सबसे उपयोगी फूल कौन-सा है? बीरबल- कपास का। अकबर- कवियों को कौन-सा रोग होता है? बीरबल- छपास का। अकबर- आजकल यूपी में क्या हो रहा है? बीरबल- चुनाव। अकबर- अगर हमारे जमाने में चुनाव होते, तो क्या होता? बीरबल- आप राजनीति को अनारकली की तरह दीवार में चुनवा देते। अकबर- क्यों? बीरबल- चुनाव का मतलब ही चुनना होता है जहांपनाह?

अकबर थोड़ा कन्फ्यूज होने लगे। फगुनाई की खुशबू आई, तो बोले- हम होली की बहारें कब देखेंगे? बीरबल मौज में थे, बोले- अभी तो दूर है होली, अभी से?
अकबर- अगर हम खुश होकर आधा राज तुम्हें दे दें, तो? बीरबल- तो आधा राज आपका। अकबर- तुम इतनी देर से जमीन क्यूं देख रहे हो? बीरबल- मरा बाप ढूंढ़ रहा हूं हजूर। अकबर- तो आसमान को देखो। बीरबल- मेरा बाप जमीन में दफ्न हुआ था सरकार। अकबर- अगर हम तुम्हारा बाप आसमान में दिखा दें, तो? बीरबल- तो आधा बाप आपका सरकार। अकबर- सबसे बड़ा मूर्ख कौन? बीरबल- जो सवाल पूछता रहे। अकबर- सबसे बड़ा अक्लमंद कौन? बीरबल- जो जवाब देता रहे हुजूर।                  
उर्मिल कुमार थपलियाल

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें