फोटो गैलरी

Hindi Newsक्रिकेट में झुका, हॉकी में उठा देश का सिर

क्रिकेट में झुका, हॉकी में उठा देश का सिर

भारत के लिए रविवार का दिन थोड़ी खुशी, थोड़ा गम लेकर आया। पहले ऑस्ट्रेलिया के हाथों क्रिकेट में भारत की शर्मनाक हार हुई। लेकिन, हॉकी में भारतीय खिलाड़ियों ने देश का सिर गर्व से ऊंचा कर...

क्रिकेट में झुका, हॉकी में उठा देश का सिर
Mon, 27 Feb 2012 09:31 AM
ऐप पर पढ़ें

भारत के लिए रविवार का दिन थोड़ी खुशी, थोड़ा गम लेकर आया। पहले ऑस्ट्रेलिया के हाथों क्रिकेट में भारत की शर्मनाक हार हुई। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 87 रनों से हरा दिया। लेकिन, हॉकी में भारतीय खिलाड़ियों ने देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। ओलिंपिक क्वॉलिफायर मुकाबले के फाइनल में भारत ने फ्रांस को 1 के मुकाबले 8 गोल से हरा दिया।

इसके साथ ही भारत को लंदन ओलिंपिक का टिकट मिल गया है। अब 8 साल बाद भारत को ओलिंपिक में खेलने का मौका मिलेगा। फाइनल में भारत ने आक्रामक हॉकी का खेल दिखाया। फ्रांस की मजबूत डिफेंस को भारतीय स्ट्राइकरों ने नेस्तानबूद कर दिया। भारत की तरफ से ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह ने शानदार 5 गोल दागे।

भारत की इस शानदार जीत पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने टीम के सभी खिलाड़ियों को 1-1 लाख रुपये देने का ऐलान किया है।

भारत ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच का पहला गोल भारत की तरफ से बीरेंद्र लाकड़ा ने किया। इसके कुछ ही देर बाद पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके भारत ने फ्रांस से 2-0 की बढ़त ले ली। अब फ्रांस की बारी थी। पलटवार करते हुए फ्रांस के सिमॉन मार्टिन ने भारत की बढ़त को 2-1 कर दिया।

इसके बाद भारत ने लगातार आक्रमण की नीति अपनाई। भारत ने एक के बाद एक लगातार कई आक्रमण किए। इसका फायदा भी मिला। 26वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर संदीप ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल किया। भारत अब 3-1 से आगे हो गया। पहले हाफ का खेल खत्म होने तक भारत 3-1 से आगे था।

दूसरे हाफ का मैच शुरू होते ही भारत को 38वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला और संदीप सिंह ने इसे गोल में तब्दील कर दिया। इसी के साथ संदीप सिंह का मैच में हैट-ट्रिक हो गया। 43वें मिनट में सुनील ने भारत के लिए पांचवां गोल किया।

इसके बाद 49वें और 51वें मिनट में मिले दो पेनल्टी कॉर्नर पर लगातार दो गोल करके संदीप सिंह ने भारत की बढ़त को 7-1 कर दिया। 56वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस बार रघुनाथ ने इसे गोल में तब्दील कर भारत को 8-1 की शानदार बढ़त दिलाई। हालांकि भारत ने कई मौके गंवाए भी। कई बार भारतीय खिलाड़ी गोल पोस्ट तक पहुंच कर गोल करने से चूक गए।

इस जीत के साथ भारत की उम्मीदें जग गई हैं। भारत ने आज बेहतरीन खेल दिखाया। एक बार फिर दर्शकों को कलात्मक हॉकी देखने को मिली। भारत के संदीप सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। सरदार सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें