चाहरवाटी में होगा चुनाव घमासान
चाहरवाटी यानी मिनी छिपरौली में इस बार चुनाव घमासान काफी रोचक माना जा रहा है। यहां से राष्ट्रीय लोकदल, समाजवादी पार्टी और भाजपा ने जाट समाज के प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा...
चाहरवाटी यानी मिनी छिपरौली में इस बार चुनाव घमासान काफी रोचक माना जा रहा है। यहां से राष्ट्रीय लोकदल, समाजवादी पार्टी और भाजपा ने जाट समाज के प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट पर दो पुराने दिग्गज हैं तो दो प्रत्याशी पहली बार भाग्य आजमा रहे हैं।
चाहरवाटी में हमेशा मुकाबला रोचक होता रहा है। इस बार भी इसी तरह के समीकरण बन रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में राजकुमार चाहर को टिकट मिली थी। लेकिन चौधरी अजित सिंह और जयंत चौधरी के इस सीट पर रालोद का दावा करने से मामला लटक गया। अंतत: ये सीट रालोद के खाते में आ गई। और रालोद ने चौधरी बाबूलाल को अपना प्रत्याशी बना दिया। चौधरी बाबूलाल 1996 में यहां से निर्दलीय और 2002 में रालोद के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं। दूसरी ओर ठाकुर समाज के सूरजपाल सिंह ने 2007 में बसपा के टिकट पर चुनाव जीता था। श्री सिंह पर ही बसपा ने फिर से भरोसा जताया है।
इस बार दो प्रत्याशी नए हैं। इनमें से भाजपा ने जितेंद्र फौजदार को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं सपा ने पूर्व विधायक बदन सिंह के पुत्र डॉ. एसपी सिंह को टिकट देकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। दोनों ही प्रत्याशी पहली बार चुनावी समर में अपना भाग्य आजमाने के लिए उतरे हैं। अब देखना ये है कि चाहरवाटी की जनता इन प्रत्याशियों में से किसको तवज्जो देती है। ये तो चुनाव परिणाम आने के बाद ही साफ हो सकेगा। लेकिन इतना तय है कि चाहवाटी का मुकाबला रोचक होगा।