अस्पताल के मालिकाना हक को लेकर डॉक्टर बहनें भिड़ीं
लोनी हमारे। संवाददाता। ट्रानिका सिटी के अंसल स्थित मरियम मेटरनिटी हास्पिटल के मालिकाना हक को लेकर शनिवार सुबह दो महिला डॉक्टरों में जमकर मारपीट हुई। दोनों महिला डॉक्टर सगी बहनें हैं। घायल एक डॉक्टर...
लोनी हमारे। संवाददाता। ट्रानिका सिटी के अंसल स्थित मरियम मेटरनिटी हास्पिटल के मालिकाना हक को लेकर शनिवार सुबह दो महिला डॉक्टरों में जमकर मारपीट हुई। दोनों महिला डॉक्टर सगी बहनें हैं। घायल एक डॉक्टर को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, अंसल स्थित मरियम मेटरनिटी हास्पिटल को निशा चौधरी व श्वेता वत्स नाम की दो डॉक्टर बहनें पिछले 6-7 वर्षो से चला रही हैं। लेकिन पिछले कुछ माह से दोनों के बीच हास्पिटल के मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है। सामाजिक स्तर पर कराए गए फैसले के अनुसार डॉक्टर निशा चौधरी ने अपनी बहन डॉक्टर श्वेता वत्स को 20 लाख रुपये हिस्सेदारी के रूप में देने की बात कही थी। मगर तय समय बीत जाने के बाद भी मालिकाना हक की रकम डॉक्टर श्वेता वत्स को नहीं मिली। बताया जाता है कि इसको लेकर शनिवार की सुबह दोनों डॉक्टर बहनों के बीच जमकर मारपीट हुई।
जिसमें गंभीर रूप से घायल डॉक्टर श्वेता वत्स को लोनी के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाने पहुंचीं डॉक्टर निशा चौधरी का आरोप है कि उसकी बहन डॉक्टर श्वेता वत्स ने शनिवार सुबह एक महिला समेत अपने चार साथियों के साथ अस्पताल पहुंचकर उन पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। जबकि जीटीबी अस्पताल में भर्ती डॉक्टर श्वेता से बात नहीं हो पाई। थाना प्रभारी राजेश द्विवेदी के अनुसार, दोनों पक्षों में से किसी ने भी थाने में घटना की तहरीर नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।